हापुड़: घर में घुसकर हमला, कार के शीशे और सामान तोड़ा

हापुड़ जिले के पिलखुआ कोतवाली क्षेत्र के गांव दहपा में बृहस्पतिवार की देर शाम घर में घुसकर हमला और तोड़फोड़ की घटना के बाद की वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है। पुलिस ने सात नामजद आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। गांव दहपा निवासी शौकीन ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि वह परिवार के साथ घर में था। तभी बाहर शोर सुनाई दिया। बाहर निकलने पर रिहान, अनस, वारिस, इस्तेकार, फैजान, साजिया और साकिब लाठी डंडे लेकर खड़े मिले। आरोप है कि उन्होंने रास्ते में लगा कैमरा तोड़ दिया और घर में घुसकर हमला कर दिया। ईंट पत्थर फेंके गए, जिससे परिवार के लोग घायल हो गए और बंधी भैंसों को भी चोट पहुंची। घर के सामान में तोड़फोड़ की गई और बाहर खड़ी गाड़ी को भी क्षतिग्रस्त कर दिया। तहरीर में आरोप लगाया गया कि सभी आरोपी दबंग प्रवृत्ति के हैं और पहले से उनके खिलाफ मुकदमे दर्ज हैं। घटना के बाद की वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित हो रही है, जिसे लेकर क्षेत्र में चर्चा बनी हुई है। सीओ अनीता चौहान ने बताया कि सभी नामजद आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर उनकी गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: Feb 20, 2026, 17:31 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »


हापुड़: घर में घुसकर हमला, कार के शीशे और सामान तोड़ा #SubahSamachar