VIDEO: टांडा में सपा का प्रदर्शन, बुनकरों और जनसमस्याओं को लेकर राज्यपाल को भेजा 27 सूत्रीय ज्ञापन
विद्युतनगर (अंबेडकरनगर)। समाजवादी पार्टी ने सोमवार को पूर्व मंत्री एवं टांडा विधायक राममूर्ति वर्मा के नेतृत्व में क्षेत्र की विभिन्न जनसमस्याओं तथा बुनकर समुदाय से जुड़े मुद्दों को लेकर प्रदर्शन किया। पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने सरकार विरोधी नारे लगाते हुए हयातगंज स्थित सपा कार्यालय से जुलूस निकाला, जो स्टेट बैंक मार्ग से होकर टांडा तहसील पहुंचा। वहां उपजिलाधिकारी डॉ. शशिशेखर के माध्यम से राज्यपाल को 27 सूत्रीय ज्ञापन सौंपा गया। इस अवसर पर विधायक राममूर्ति वर्मा ने कहा कि सरकार जनसमस्याओं के समाधान में विफल रही है और जनता की आवाज को दबाने का प्रयास कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि बुनकर, किसान, नौजवान और आम नागरिक अनेक समस्याओं से जूझ रहे हैं, लेकिन सरकार उनकी समस्याओं के प्रति गंभीर नहीं है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जनहित से जुड़े मुद्दों का जल्द समाधान नहीं किया गया तो समाजवादी पार्टी व्यापक जनआंदोलन शुरू करेगी। ज्ञापन में पावरलूम बुनकरों को निःशुल्क बिजली आपूर्ति, फर्जी बिजली बिलिंग और उत्पीड़न पर रोक, स्मार्ट मीटर हटाने, बुनकर हाट एवं टेक्सटाइल पार्क की स्थापना, किसानों को समय पर उर्वरक उपलब्ध कराने तथा बेरोजगार युवाओं को रोजगार देने की मांग की गई। इसके अलावा बढ़ती महंगाई पर नियंत्रण, बेहतर विद्युत आपूर्ति, जर्जर सड़कों की मरम्मत, भ्रष्टाचार पर अंकुश और टांडा नगर क्षेत्र में भूमि दाखिल-खारिज की पुरानी व्यवस्था बहाल करने की मांग भी उठाई गई। सपा नेताओं ने बसखारी दरगाह क्षेत्र में चल रहे निर्माण कार्यों को शीघ्र पूरा कराने, रोडवेज बस सेवा शुरू करने, अवैध कब्जों को हटाने तथा पुलिस उत्पीड़न और अवैध वसूली पर रोक लगाने की भी मांग की। प्रदर्शन में जिलाध्यक्ष जंगबहादुर यादव, विधानसभा अध्यक्ष संदीप यादव, पूर्व चेयरमैन हाजी इफ्तेखार अहमद अंसारी, जिला महासचिव मुजीब अहमद सोनू, पूर्व एमएलसी विशाल वर्मा, ब्लॉक अध्यक्ष हरिकेश कन्नौजिया, जफर हयात, जकी अनवर अंसारी, रामफूल गौतम, हाजी अशफाक अंसारी सहित बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता मौजूद रहे।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Jun 15, 2026, 10:30 IST
VIDEO: टांडा में सपा का प्रदर्शन, बुनकरों और जनसमस्याओं को लेकर राज्यपाल को भेजा 27 सूत्रीय ज्ञापन #SubahSamachar
