आज भोपाल की बड़ी खबरें: बाजारों में बरसा धन, हवा हुई जहरीली, बुजुर्ग महिला की हत्या से सनसनी,24 स्पेशल ट्रेनें

आज भोपाल की बड़ी खबरें 1. हड़ताल खत्म,कचरा हटाना चुनौती भोपाल में सफाईकर्मियों की तीन दिन चली हड़ताल खत्म हो गई है, लेकिन शहर को गंदगी से राहत मिलने में अभी समय लग सकता है। तीन दिनों में करीब 2500 टन कचरा जमा हुआ है। शहर में रोजाना लगभग 850 टन कचरा निकलता है। इसे उठाने के लिए 400 से अधिक वाहन संचालित होते हैं। शहर के 85 वार्डों से कचरा उठाकर 17 ट्रांसफर स्टेशनों तक पहुंचाया जाता है। महापौर और कमिश्नर मोर्चे पर उतरे और सफाई का विशेष अभियान चलाया। 2. धनतेरस के बाद बिगड़ी भोपाल की हवा धनतेरस पर बाजारों में उमड़ी भीड़ और वाहनों की आवाजाही के बाद भोपाल की हवा की गुणवत्ता बिगड़ गई है। शनिवार सुबह पांच बजे टीटी नगर मॉनिटरिंग स्टेशन पर एक्यूआई 197 दर्ज किया गया। इसमें पीएम 2.5 का स्तर भी 197 रहा। यह मध्यम श्रेणी का ऊपरी स्तर है। रविवार को दीपावली पर पटाखों के धुएं से प्रदूषण और बढ़ने की आशंका है। बच्चों, बुजुर्गों और सांस के मरीजों को विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है। 3. धनतेरस पर भोपाल में एक हजार करोड़ का कारोबार धनतेरस पर राजधानी के बाजारों में जमकर खरीदारी हुई। कारोबारियों के अनुमान के मुताबिक शहर में करीब एक हजार करोड़ रुपये का कारोबार हुआ। सराफा बाजार में 200 से 250 करोड़ और ऑटोमोबाइल सेक्टर में 120 से 140 करोड़ रुपये के कारोबार का अनुमान है। सोना-चांदी, कार, दोपहिया वाहन, इलेक्ट्रॉनिक्स, बर्तन, कपड़े और सजावटी सामान की दुकानों पर ग्राहकों की भीड़ रही। महंगाई के बावजूद ग्राहकों का उत्साह कम नहीं हुआ। 4. 40 फीट गहरे कुएं में गिरी कार, चार युवकों ने ऐसे बचाई जान निपानिया जाट में शनिवार को चार युवकों से भरी कार अनियंत्रित होकर करीब 40 फीट गहरे पानी से भरे कुएं में गिर गई। कार के अंदर फंसे युवकों ने स्थानीय लोगों की मदद से अगला कांच तोड़ा और तैरकर बाहर निकल आए। करीब ढाई घंटे चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद कार को भी कुएं से बाहर निकाला गया। हादसे के बाद क्षेत्र में रात के समय तेज रफ्तार से चलने वाले भारी डंपरों को लेकर सवाल उठे हैं। 5. 75 वर्षीय महिला की हत्या, सोने के दांत उखाड़कर ले गए आरोपी शाहजहांनाबाद के वाजपेयी नगर मल्टी में 75 वर्षीय कलरी देवी की घर में गला घोंटकर हत्या कर दी गई। आरोपी महिला के मुंह से सोने के दांत और जेवरात ले गए। पुलिस को इलाके के एक परिचित युवक पर शक है और उससे पूछताछ की जा रही है। गिरफ्तारी की मांग को लेकर परिजनों और स्थानीय लोगों ने कोहेफिजा से कलेक्ट्रेट जाने वाली सड़क पर करीब 45 मिनट तक चक्काजाम किया। 6. दीपावली और छठ पर रेलवे की 24 स्पेशल ट्रेनें त्योहारी सीजन में यात्रियों की भीड़ को देखते हुए भोपाल मंडल से नवंबर में 24 विशेष ट्रेनें संचालित की जा रही हैं। इनमें बिहार, उत्तर प्रदेश और अन्य प्रमुख शहरों के लिए ट्रेनें शामिल हैं। भोपाल, रानी कमलापति, बीना, गुना और इटारसी रेलवे स्टेशनों पर सुरक्षा बढ़ाई गई है। टिकट काउंटरों पर भीड़ कम करने के लिए ऑटोमेटिक टिकट वेंडिंग मशीनों की सुविधा भी उपलब्ध रखी गई है। 7. पटाखों से हादसे हुए तो अस्पतालों में मिलेगा इलाज दीपावली पर पटाखों से होने वाले हादसों को देखते हुए भोपाल के अस्पतालों को अलर्ट किया गया है। जेपी अस्पताल में आठ बिस्तरों का विशेष बर्न यूनिट तैयार किया जा रहा है। हमीदिया अस्पताल और एम्स में भी जलने, आंखों में चोट और सांस संबंधी परेशानी के मरीजों के इलाज की व्यवस्था की जा रही है। करीब 40 एंबुलेंस अलर्ट पर रखने की तैयारी है। 8. दिवाली के बाद बढ़ेगी ठंड, रात के तापमान में गिरावट के आसार मध्य प्रदेश में फिलहाल दिन में धूप और रात में ठंडक का असर देखने को मिल रहा है। मौसम के पूर्वानुमान के मुताबिक दीपावली के बाद रात के तापमान में और गिरावट आ सकती है। कुछ स्थानों पर न्यूनतम तापमान 10 डिग्री तक पहुंचने की संभावना जताई गई है। ऐसे में नवंबर के दूसरे सप्ताह में ठंड का असर बढ़ सकता है।

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: Nov 07, 2026, 14:44 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »




आज भोपाल की बड़ी खबरें: बाजारों में बरसा धन, हवा हुई जहरीली, बुजुर्ग महिला की हत्या से सनसनी,24 स्पेशल ट्रेनें #CityStates #Bhopal #MadhyaPradesh #SubahSamachar