Meerut News: छोटी दिवाली पर रंग-बिरंगी रोशनी से जगमगाए बाजार
- मिठाई की दुकानों पर ग्राहकों से डिब्बे का भी तौला गयासंवाद न्यूज एजेंसीमाछरा/मुंडाली। छोटी दिवाली के पावन अवसर पर माछरा ब्लॉक और रजपुरा ब्लॉक क्षेत्र के गांव माछरा, मऊखास, सिसौली, मुरलीपुर, भगवानपुर चट्टावन, नंगली अब्दुल्ला तथा हसनपुर कलां सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के बाजार रंग-बिरंगी लाइटों की रोशनी से जगमगाते नजर आए। दिवाली के त्योहार को लेकर बाजारों में सुबह से ही खरीदारों की भीड़ उमड़ पड़ी। प्रतिष्ठानों और दुकानों को आकर्षक झालरों एवं रंगीन लाइटों से सजाया गया था।बाजारों में मिठाइयों, दीपक, कंडील, झालर तथा विभिन्न प्रकार के सजावटी सामान की जमकर खरीदारी हुई। मिठाई की दुकानों पर ग्राहकों की काफी भीड़ देखने को मिली। हालांकि, त्योहार की इस रौनक के बीच कुछ दुकानदारों की कार्यप्रणाली को लेकर ग्राहकों में नाराजगी भी दिखाई दी। ग्रामीण प्रमोद त्यागी, दीपक त्यागी, राकेश कुमार आदि ने कहा कि कई मिठाई विक्रेताओं द्वारा ग्राहकों को मिठाई के साथ डिब्बे का वजन भी तौलकर पैसे वसूले जा रहे हैं, जिससे उपभोक्ताओं को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है।खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता को लेकर भी गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। क्षेत्र के बाजारों में रंग-बिरंगे सिंथेटिक रंगों से युक्त मिठाइयों की खुलेआम बिक्री होती दिखाई दी। हैरानी की बात यह रही कि त्योहार के मौके पर खाद्य सुरक्षा विभाग की कोई टीम क्षेत्र में जांच करती नजर नहीं आई।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Nov 07, 2026, 14:44 IST
Meerut News: छोटी दिवाली पर रंग-बिरंगी रोशनी से जगमगाए बाजार #MarketsIlluminatedWithColorfulLightsOnChhotiDiwali #SubahSamachar
