Noida News: नशे में धुत युवकों ने दो दोस्तों को पीटा
संवाद न्यूज एजेंसीनोएडा। सेक्टर-113 थाना क्षेत्र की सुपरटेक रोमनो सोसाइटी में नशे में धुत युवकों को टोकना दो दोस्तों को भारी पड़ गया। आरोप है कि तीन युवकों ने पहले गाली-गलौज की और विरोध करने पर पीयूष गुप्ता और अमन की पिटाई कर ही। सेक्टर-118 स्थित सुपरटेक रोमनो सोसाइटी में रहने वाले पीयूष ने बताया कि शनिवार सुबह फिल्म देखकर वह लौट रहे थे। इसी दौरान टावर ए-3 में रहने वाले आलोक, अजीत और आलोक के बड़े भाई ने नशे की हालत में अभद्र टिप्पणी की और विरोध करने पर गाली-गलौज शुरू कर दी। पीयूष ने शिकायत के लिए मेंटेनेंस विभाग के कर्मचारियों को बुला लिया। आरोप है कि कर्मचारियों के पहुंचते ही तीनों आरोपियों ने पीयूष का सिर पकड़कर कई बार दीवार से टकरा दिया और चेहरे पर मुक्के मारे। बीच-बचाव करने पहुंचे उनके दोस्त अमन को भी पीटा गया। पीयूष का आरोप है कि मारपीट के दौरान सोने की रुद्राक्ष माला और अमन का मोबाइल गायब हो गया। आरोपियों पर दोनों को जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप है। थाना प्रभारी प्रमोद कुमार सिंह ने बताया कि शिकायत के आधार पर मामले की जांच की जा रही है।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Nov 07, 2026, 14:44 IST
Noida News: नशे में धुत युवकों ने दो दोस्तों को पीटा #IntoxicatedYouthsBeatUpTwoFriends #SubahSamachar
