VIDEO: NEET: भौतिक एवं रसायन विज्ञान के प्रश्नों में उलझे नीट यूजी के परीक्षार्थी, पुनर्परीक्षा में शामिल हुए 1787 परीक्षार्थी
बलरामपुर जिले के चार केंद्रों पर नीट-यूजी पुनर्परीक्षा रविवार को पारदर्शी व शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो गई। परमाणु के आक्सीकरण, रासायनिक अभिक्रिया, विलयन, हार्मोन, रक्त समूह, कैंसर कोशिकाओं के उपचार एवं एसी वोल्टेज से जुड़े प्रश्नों ने परीक्षार्थियों को खूब उलझाया। चारों केंद्रों पर 1907 के सापेक्ष 1787 परीक्षार्थियों ने परीक्षा दी, वहीं 120 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। नकलविहीन व पारदर्शी ढंग से परीक्षा संपन्न कराने के लिए सभी केंद्रों पर स्टेटिक मजिस्ट्रेट के साथ पर्याप्त संख्या में सुरक्षा कर्मी तैनात किए गए थे। नीट-यूजी पुनर्परीक्षा के लिए जिले में पीएमश्री केंद्रीय विद्यालय और एमएलके महाविद्यालय ए-ब्लाक, बी-ब्लाक एवं सी-ब्लाक को परीक्षा केंद्र बनाया गया था। पीएमश्री केंद्रीय विद्यालय में 360 के सापेक्ष 334 परीक्षार्थियों ने परीक्षा दी, वहीं 26 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। एमएलके महाविद्यालय के ए-ब्लाक में 600 के सापेक्ष 562 परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल हुए, वहीं 38 अभ्यर्थियों ने परीक्षा छोड़ दी। एमएलके महाविद्यालय के बी-ब्लाक में 480 के सापेक्ष 447 परीक्षार्थियों ने परीक्षा दी, वहीं 33 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। इसीतरह सी-ब्लॉक में 480 के सापेक्ष 444 परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल हुए, वहीं 23 अभ्यर्थियों ने परीक्षा छोड़ दी। परीक्षा देने के लिए परीक्षा केंद्रों पर दोपहर 12 बजे से ही अभ्यर्थियों की भीड़ जुटनी शुरू हो गई। सबसे पहले सभी अभ्यर्थियों का बायोमेट्रिक वेरिफिकेशन किया गया। फिंगरप्रिंट और चेहरे का मिलान करने के बाद ही अभ्यर्थियों को प्रवेश दिया गया। दोपहर 1.30 बजे परीक्षा केंद्र के गेट बंद कर दिए गए। अभ्यर्थियों को अपने साथ मोबाइल फोन, स्मार्ट वॉच, ब्लूटूथ, ईयरफोन, कैलकुलेटर या किसी भी प्रकार का इलेक्ट्रॉनिक उपकरण परीक्षा केंद्र के अंदर नहीं ले जाने दिया गया।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Jun 21, 2026, 18:17 IST
VIDEO: NEET: भौतिक एवं रसायन विज्ञान के प्रश्नों में उलझे नीट यूजी के परीक्षार्थी, पुनर्परीक्षा में शामिल हुए 1787 परीक्षार्थी #SubahSamachar
