UP: सावन में राजेश्वर महादेव का दिव्य श्रृंगार, 500 किलो फूलों से सजेगा भव्य फूल बंगला; जानें क्या है तैयारी
सावन के पावन महीने में राजेश्वर महादेव मंदिर में आयोजित होने वाले राजेश्वर मेला-2026 की तैयारियां तेज हो गई हैं। शुक्रवार को प्राचीन राजेश्वर महादेव मंदिर ट्रस्ट की प्रेसवार्ता में पदाधिकारियों ने तैयारियों और कार्यक्रमों की जानकारी दी। ट्रस्ट के उपाध्यक्ष सत्य प्रकाश रावत ने बताया कि इस बार मेले का शुभारंभ 2 अगस्त को होगा। रविवार की शाम को ही मंदिर में बाबा राजेश्वर महादेव का भव्य फूल बंगला करीब 500 किलो चमेली, गुलाब, गेंदा और कनेर के फूलों से सजाया जाएगा। मंदिर की सजावट इस बार शिखर से की जाएगी, वहीं सौ फुटा रोड से सूरज धाम तक भव्य एलईडी की सजावट होगी। उन्होंने बताया कि श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा के लिए मंदिर परिसर और मेला क्षेत्र की निगरानी के लिए दो कंट्रोल रूम बनाए जाएंगे। तीन मेडिकल प्वाइंट तैयार किए जाएंगे। मंदिर परिसर में अर्ध शिव की थीम पर विशेष सेल्फी प्वाइंट भी बनाया जाएगा। ट्रस्ट के अध्यक्ष धीरेंद्र कुमार वशिष्ठ ने बताया कि मेले का शुभारंभ 2 अगस्त को शाम पांच बजे हरिद्वार की साध्वी प्राची करेंगी। इससे पहले शाम चार बजे राजेश्वर महादेव बाबा का रुद्राभिषेक और पूजा-अर्चना होगी। शाम 5:30 बजे बाबा राजेश्वर महादेव का भव्य शिव डोला बैंड-बाजे और ढोल-नगाड़ों के साथ निकाला जाएगा। मार्ग में जगह-जगह स्वागत व आरती की जाएगी। मंदिर परिसर और मेला क्षेत्र में सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे। ट्रस्ट ने पुलिस प्रशासन से महिला पुलिसकर्मियों की पर्याप्त तैनाती के साथ सिविल ड्रेस में भी पुलिसकर्मियों की व्यवस्था करने का अनुरोध किया है। इस अवसर पर महंत शुभम गोस्वामी, सचिव विभू वशिष्ठ, उपसचिव बृजपाल सिंह तोमर, महेंद्र कुमार शर्मा, विशाल शर्मा जितेंद्र देपुरिया आदि उपस्थित रहे।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Jul 25, 2026, 14:02 IST
UP: सावन में राजेश्वर महादेव का दिव्य श्रृंगार, 500 किलो फूलों से सजेगा भव्य फूल बंगला; जानें क्या है तैयारी #CityStates #Agra #Mathura #UttarPradesh #RajeshwarMahadev #RajeshwarFair2026 #FlowerBungalow #ShivDola #Shravan #500KgFlowers #LedDecoration #Cctv #Temple #SubahSamachar
