haldwani: तहसील दिवस पर अफसरों की गैरमौजूदगी पर फूटा लोगों का गुस्सा, नायब तहसीलदार से हुई नोकझोंक
तहसील दिवस में मंगलवार को न तो तहसीलदार पहुंचे और न ही एसडीएम। घंटों इंतजार के बाद भी जब फरियादियों को वहां कोई जिम्मेदार अधिकारी न मिला तो उनका गुस्सा फूट पड़ा और वह धरने पर बैठ गए। पार्षद मनोज जोशी की नायब तहसीलदार बीएस मटियानी के साथ तीखी नोकझोंक हुई। मंगलवार दोपहर करीब 12 बजे पार्षद मनोज जोशी व पूर्व सभासद सकील अहमद सलमानी अपने क्षेत्र के लोगों के साथ तहसील दिवस में पहुंचे। तब तहसील दिवस में चार पांच विभागों के अधिकारी तो मौजूद थे लेकिन वहां समस्याएं सुनने के लिए एक भी जिम्मेदार प्रशासनिक अधिकारी नहीं था। पूछताछ करने पर पता चला कि तहसीलदार वीआईपी ड्यूटी पर गए हैं जबकि एसडीएम किसी बैठक में है। घंटेभर बाद भी अधिकारी नहीं पहुंचे तो दोनों जनप्रतिनिधि तहसीलदार के कक्ष के बाहर नारेबाजी करते हुए धरने पर बैठ गए। इस दौरान वहां पहुंचे नायब तहसीलदार बीएस मटियानी और मनोज जोशी के बीच करीब आधे घंटे नोकझोंक हो गई। बाद में पार्षद जोशी ने तहसील प्रशासन और नायब तहसीलदार के खिलाफ मुर्दाबाद के नारे लगाने लगाए। हंगामे के खबर मिलने पर दोपहर करीब दो बजे एसडीएम प्रमोद कुमार और तहसीलदार कुलदीप पांडे मौके पर पहुंचे। उन्होंने किसी तरह मामला शांत कराया। नायब तहसीलदार मटियानी ने पार्षद जोशी की ओर से लगाए गए आरोपों को गलत बताया है। इन विभागों का हुआ जवाब तलब एसडीएम प्रमोद कुमार ने बताया कि तहसील दिवस में समस्याएं सुनने के लिए नायब तहसीलदार बीएस मटियानी को अधिकृत किया गया था। उन्होंने फरियादियों की समस्याएं सुनीं और उनके निस्तारण के लिए आवेदन संबंधित विभागों को भेजे। तहसील दिवस में विद्युत, जल संस्थान, जल निगम, यूयूएसडीए विभागों के अधिकारी नहीं पहुंचे थे। इन विभागों का स्पष्टीकरण तलब किया गया है। सड़क, बिजली, पानी की समस्याएं हुई दर्ज अधिकारियों के पहुंचने के बाद पार्षद मनोज जोशी ने वार्ड 58 तल्ली हल्द्वानी में खतरे का सबब बने पेड़ को कटवाने, ऊर्जा निगम और यूयूएसडीए की मनमानी को रोकने की मांग की। पद्मावती ने 10 माह से पेंशन न मिलने, राधा देवी ने इंदिरा नगर के नालों की सफाई कराने, शोभा देवी ने खराब पड़ी स्ट्रीट लाइट को ठीक कराने, सकीना बानो ने वृद्धा पेंशन दिलाने, शबनम ने तलाकशुदा पेंशन दिलाने, पूर्व सभासद शकील अहमद सलमानी ने इंदिरा नगर, मोहम्मद चौक, दुर्गा मंदिर में सफाई कराने, शब्बीर अहमद अल्वी ने कीटनाशक का छिड़काव कराने की मांग की।
- Source: www.amarujala.com
- Published: May 06, 2026, 09:54 IST
haldwani: तहसील दिवस पर अफसरों की गैरमौजूदगी पर फूटा लोगों का गुस्सा, नायब तहसीलदार से हुई नोकझोंक #CityStates #Nainital #UttarakhandNews #UkNews #HaldwaniNews #TehsilDiwasProtestHaldwani #OfficialsAbsentPublicProtest #SdmTehsildarNotPresent #SubahSamachar
