Pithoragarh News: नई पार्किंग के बाद भी नहीं घटा वाहनों का दबाव, जाम से लोग परेशान
पिथौरागढ़। जिला मुख्यालय की सड़कों पर रोज लग रहे जाम से लोग परेशान हैं। नगर के प्रमुख मार्गों और चौराहों पर यातायात व्यवस्था लगातार प्रभावित हो रही है। नई पार्किंग के निर्माण के बाद भी सड़कों पर वाहनों का दबाव कम नहीं हो पा रहा है।सुबह स्कूल और कार्यालय खुलने के समय राष्ट्रीय राजमार्ग पर कुमौड़, कैंट रोड, स्टेशन रोड, बैंक रोड, अस्पताल मार्ग, पोस्ट ऑफिस मार्ग और नगर पालिका तिराहे के पास जाम की स्थिति गंभीर हो जाती है। वहीं बैंक रोड पर दिनभर कई बार यातायात बाधित होने की समस्या सामने आ रही है।नगर के कई हिस्सों में सड़क के दोनों ओर वाहन खड़े किए जाने से परेशानी बढ़ रही है। कई स्थानों पर मालवाहक वाहनों से सामान उतारने या बड़े वाहनों के आने के दौरान जाम लग जाता है। इससे पैदल चलने वालों को भी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है और उन्हें जाम खुलने का इंतजार करना पड़ता है।नगर में पिछले दिनों तीन-चार नए पार्किंग स्थलों का निर्माण होने के बावजूद सड़क पर वाहनों का दबाव कम नहीं हुआ है। इसके चलते जिला मुख्यालय आने वाले स्थानीय लोगों के साथ ही जिलेभर से पहुंचने वाले लोगों को परेशानी उठानी पड़ रही है।काफी पुलिस फोर्स चारधाम, कैंचीधाम के अलावा वीआईपी ड्यूटी पर है। इसके बावजूद यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करने के प्रयास जारी हैं और चालान की कार्रवाई की जा रही है। जिन जगहों पर ज्यादा दिक्कत है, वहां तुरंत व्यवस्था बहाल करने को कार्रवाई की जाएगी।-केएस रावत, प्रभारी सीओ, पिथौरागढ़
- Source: www.amarujala.com
- Published: Jun 16, 2026, 18:36 IST
Pithoragarh News: नई पार्किंग के बाद भी नहीं घटा वाहनों का दबाव, जाम से लोग परेशान #News #SubahSamachar
