पिथौरागढ़: धारचूला में डंडे से पीटकर महिला को उतार दिया मौत के घाट, आरोपी गिरफ्तार
धारचूलाकस्बे में महिला की हत्या करने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी ने डंडे से पीटकर महिला को मौत के घाट उतार दिया। पुलिस के मुताबिक, आरोपी की महिला की हत्या करने के बाद शव काली नदी में फेंकने की योजना थी। खोतिला के पास एसएसबी की पोस्ट होने से आरोपी को अपने कदम पीछे खींचने पड़े। वह शव को पुल के नीचे फेंककर लौट आया। मामले के अनुसार, बीते शुक्रवार सुबह पुलिस को काली नदी किनारे खोतिला पुल के पास महिला का शव पड़े होने की सूचना मिली। टीम मौके पर पहुंची तो मृतका की पहचान नेपाल के सुनसेरा निवासी मीनू लोहारी (35) के रूप में हुई। जांच में सामने आया कि मीनू करीब तीन साल पूर्व अपने पति मोहन राम से अलग होकर खोतिला, धारचूला, पिथौरागढ़ निवासी देवराज नबियाल के साथ रह रही थी। ऐसे में शक की सुई देवराज की तरफ घूमी तो पुलिस ने उसके घर का निरीक्षण किया। देवराज के घर में बिस्तर और फर्श पर खून के धब्बे मिले। इसी बीच मृतका के पुत्र ने कोतवाली पहुंचकर देवराज पर मां की हत्या का आरोप लगाते हुए प्राथमिकी दर्ज कराई। पुलिस ने आरोपी की खोजबीन शुरू की। दूसरे ही दिन हत्यारोपी देवराज को एसएसबी कैंप के पीछे काली नदी के किनारे से गिरफ्तार किया गया। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त लकड़ी का डंडा, खून से लथपथ कमीज, जूते और मोबाइल फोन भी बरामद किया। एसपी अक्षय प्रह्लाद कोंडे ने बताया कि प्रारंभिक पूछताछ में पता चला कि आरोपी अपने साथ रहने वाली मीनू पर शक करता था इससे दोनों के बीच आए दिन विवाद होता था। यही शक और विवाद मीनू की मौत का कारण बना है। उन्होंने कहा कि आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Nov 07, 2026, 16:12 IST
पिथौरागढ़: धारचूला में डंडे से पीटकर महिला को उतार दिया मौत के घाट, आरोपी गिरफ्तार #CityStates #Pithoragarh #PithoragarhCrimeNews #UttarakhandNews #UkNews #SubahSamachar
