Yamuna Nagar News: घेराबंदी में बाइक फिसलने से हिस्ट्रीशीटर बदमाश घायल, दूसरा मौके से भागा
यमुनानगर। शादी की तैयारियों के लिए आए युवक से 30 हजार रुपये लूटने के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। लूट की वारदात में शामिल दो बदमाशों में से एक को पुलिस ने घेराबंदी के दौरान घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिया, जबकि उसका साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया।सीआईए वन इंचार्ज राजकुमार ने बताया कि घायल आरोपी की पहचान हरिनगर निवासी मोनू उर्फ मुंशी के रूप में हुई है। वहीं फरार आरोपी मदन उर्फ मद्दी की तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है। पकड़े गए आरोपी पर पहले से 19 मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस ने बताया कि उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले के गांव रामपुर निवासी महावीर सिंह ने शिकायत दी थी कि उसकी शादी 9 मई को लाजपत नगर निवासी युवती से तय है। वह 26 अप्रैल को शादी की खरीदारी के लिए 30 हजार रुपये लेकर यमुनानगर आया था। 27 अप्रैल को कैंप क्षेत्र में महाराणा प्रताप चौक ठेके के पास दो युवकों ने उससे झगड़ा शुरू कर दिया। आरोप है कि एक युवक ने उसके हाथ पकड़ लिए, जबकि दूसरे ने जेब से 30 हजार रुपये लूट लिए और जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए। बुधवार रात पुलिस को सूचना मिली कि दोनों आरोपी ससौली रोड के पास किसी वारदात की फिराक में हैं। सूचना पर सीआईए-वन टीम ने घेराबंदी की। पुलिस को देखकर दोनों बाइक पर भागने लगे, लेकिन बाइक फिसलने से एक आरोपी घायल हो गया। पुलिस ने घायल आरोपी को सिविल अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसकी टांग में फ्रैक्चर पाया गया।फिलहाल पुलिस फरार आरोपी की तलाश कर रही है। संवाद
- Source: www.amarujala.com
- Published: May 07, 2026, 02:45 IST
Yamuna Nagar News: घेराबंदी में बाइक फिसलने से हिस्ट्रीशीटर बदमाश घायल, दूसरा मौके से भागा #AHistory-sheeterWasInjuredWhenHisBikeSkiddedDuringTheSiege #WhileAnotherEscapedFromTheScene. #SubahSamachar
