World Updates: दक्षिण कोरिया में सेना का हेलिकॉप्टर क्रैश; क्यूबा में ईंधन संकट से कनाडा एयरलाइन की उड़ानें ठप

द.कोरिया के उत्तरी काउंटी गैप्योंग में सोमवार को सेना का एएच-1एस कोबरा अटैक हेलिकॉप्टर प्रशिक्षण उड़ान के दौरान दुर्घटनाग्रस्त हो गया। सेना के आधिकारिक बयान के अनुसार, हादसे में चालक दल के दोनों सदस्यों की मौत हो गई। हेलिकॉप्टर सुबह 11 बजे गिरा, हालांकि दुर्घटना के कारणों का अभी पता नहीं चल सका है। हादसे के तुरंत बाद घायल क्रू सदस्यों को अस्पताल ले जाया गया, जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। क्यूबा में ईंधन संकट से कनाडा एयरलाइन की उड़ानें ठप क्यूबा में विमानन ईंधन की कमी के चलते कनाडा की सबसे बड़ी एयरलाइन एयर कनाडा ने अपनी उड़ान सेवाएं अस्थायी रूप से निलंबित कर दी हैं। कंपनी ने कहा कि क्यूबा के हवाई अड्डों पर ईंधन उपलब्ध न होने की सरकारी सूचना के बाद यह फैसला लिया गया। यह कदम ऐसे समय उठाया गया है जब क्यूबा पहले से गहरे ऊर्जा संकट से जूझ रहा है। एयर कनाडा के मुताबिक क्यूबा सरकार ने सूचित किया कि मंगलवार से हवाई अड्डों पर एविएशन फ्यूल उपलब्ध नहीं होगा। इसके बाद एयरलाइन ने तुरंत अपनी सेवाएं रोकने की घोषणा कर दी। कंपनी ने कहा कि निलंबन सोमवार से लागू कर दिया गया है। आने वाले दिनों में एयर कनाडा खाली विमान क्यूबा भेजेगी ताकि वहां फंसे करीब 3,000 यात्रियों को वापस कनाडा लाया जा सके। क्यूबा लंबे समय से ऊर्जा आपूर्ति संकट का सामना कर रहा है। तेल आपूर्ति पर अमेरिकी प्रतिबंधों के कारण हालात और बिगड़े हैं। क्यूबा की अर्थव्यवस्था में कनाडाई पर्यटन की बड़ी भूमिका है। कनाडा, क्यूबा में खनन और पर्यटन क्षेत्रों में प्रत्यक्ष निवेश करने वाला दूसरा सबसे बड़ा देश माना जाता है। हालांकि अन्य कनाडाई एयरलाइंस ने फिलहाल उड़ानें जारी रखने का फैसला किया है। एयर ट्रांसैट और वेस्टजेट/सनविंग समूह ने कहा है कि वे निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार अपनी सेवाएं जारी रखेंगे। स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है। कांगो के गांव पर आईएस से जुड़े विद्रोहियों का हमला, 20 लोगों की हत्या पूर्वी कांगो में हिंसा की एक और बड़ी घटना सामने आई है। सेना के अनुसार इस्लामिक स्टेट से जुड़े विद्रोही गुट ने एक गांव पर हमला कर कम से कम 20 लोगों की हत्या कर दी। यह हमला सप्ताहांत में नॉर्थ किवु प्रांत के लुबेरो इलाके के मम्बिम्बी-इसिगो गांव में हुआ। हमले के बाद इलाके में दहशत फैल गई है और बड़ी संख्या में लोग घर छोड़कर भागे हैं। सैन्य अधिकारियों ने बताया कि हमला एलाइड डेमोक्रेटिक फोर्सेज यानी ADF गुट ने किया। हमलावरों ने पहले खेतों में काम कर रहे किसानों को निशाना बनाया और फिर गांव में घुसकर चाकू और बंदूक से हमला किया। स्थानीय सामाजिक संगठनों का कहना है कि मृतकों की संख्या बढ़ सकती है क्योंकि कई लोग अब भी लापता हैं। एडीएफ ने हमले पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं दी है। नागरिक समूहों ने इलाके में सेना की कम मौजूदगी पर सवाल उठाए हैं। पूर्वी कांगो में ADF और रवांडा समर्थित M23 जैसे कई सशस्त्र गुट सक्रिय हैं। ADF ने 2019 में इस्लामिक स्टेट के प्रति निष्ठा जताई थी और वह अक्सर आम नागरिकों को निशाना बनाता है। संयुक्त राष्ट्र शांति मिशन के प्रमुख जीन-पियरे लैक्रोआ ने भी पूर्वी कांगो का दौरा शुरू किया है। इस साल की शुरुआत से ही इस क्षेत्र में ADF हमलों में दर्जनों नागरिक मारे जा चुके हैं। क्षेत्र में मानवीय संकट लगातार गहराता जा रहा है। काहिरा में हिंदी सम्मेलन शुरू संस्कृति का सेतु बनी भाषा मिस्र की राजधानी काहिरा में रविवार को अफ्रीकी क्षेत्रीय हिंदी सम्मेलन का उद्घाटन हुआ। विदेश मंत्रालय की सचिव (दक्षिण) नीना मल्होत्रा ने ऐन शम्स विवि के सहयोग से इस दो दिवसीय कार्यक्रम की शुरुआत की। सम्मेलन का विषय गंगा से नील तक सांस्कृतिक संपर्क और सहयोग रखा गया है। भारतीय राजदूत सुरेश के रेड्डी की उपस्थिति में हुए इस कार्यक्रम का उद्देश्य वसुधैव कुटुंबकम की भावना के साथ वैश्विक स्तर पर हिंदी को बढ़ावा देना है। स्वीडन का भारतीय वायुसेना को ग्रिपेन लड़ाकू विमान देने का प्रस्ताव स्वीडन की रक्षा कंपनी साब (एसएएबी) ने भारतीय वायुसेना को अपने अत्याधुनिक ग्रिपेन-ई लड़ाकू विमान की पेशकश की है। सिंगापुर एयर शो के दौरान कंपनी के उपाध्यक्ष मिकेल फ्रांजेन ने बताया कि उन्होंने भारत सरकार के समक्ष दुनिया के सबसे उन्नत एयरोस्पेस उद्योग के निर्माण का प्रस्ताव रखा है। इसमें डिजाइन, उत्पादन और रखरखाव के बहुस्तरीय चरण शामिल होंगे। फ्रांजेन ने दावा किया कि ग्रिपेन-ई बाजार में सबसे आधुनिक और लागत प्रभावी विमान है, जो राफेल और तेजस के साथ भारतीय बेड़े में पूरी तरह फिट होगा। न्यूजीलैंड में 51 मुस्लिमों की हत्या के आरोपी ने दोषसिद्धि को दी चुनौती न्यूजीलैंड के क्राइस्टचर्च में 2019 में 51 मुस्लिमों की हत्या करने वाले ब्रेंटन टैरेंट ने अब अपनी दोषसिद्धि के खिलाफ अपील की है। सोमवार को वेलिंगटन की अदालत में उसने दावा किया कि जेल की कठोर परिस्थितियों के कारण वह तर्कहीन हो गया था, जिससे उसे अपराध स्वीकार करने के लिए मजबूर होना पड़ा। वह चाहता है कि उसके दोष स्वीकार करने के फैसले को रद्द किया जाए। टैरेंट को बिना पैरोल के उम्रकैद की सजा सुनाई गई है, जिसे वह कम कराना चाहता है।

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: Feb 10, 2026, 05:09 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »




World Updates: दक्षिण कोरिया में सेना का हेलिकॉप्टर क्रैश; क्यूबा में ईंधन संकट से कनाडा एयरलाइन की उड़ानें ठप #World #International #AirCanada #Cuba #AviationFuel #FlightSuspension #EnergyCrisis #Congo #RebelAttack #Adf #SubahSamachar