अमृतसर कोर्ट में पेशी के दौरान हंगामा, महिला वकील ने पुलिस पर लगाए गंभीर आरोप
अमृतसर की अदालत में पेशी के दौरान उस समय हंगामे की स्थिति बन गई जब एक महिला वकील ने पुलिस पर गंभीर आरोप लगाते हुए रोते-रोते न्याय की मांग की। इस दौरान कोर्ट परिसर में काफी हलचल रही और बड़ी संख्या में वकील भी मौके पर मौजूद रहे। महिला वकील का आरोप है कि उन्होंने पहले सीआईए स्टाफ के खिलाफ शिकायत दर्ज करवाई थी और इसी रंजिश में पुलिस ने उनके खिलाफ झूठा केस दर्ज कर दिया। उनका कहना है कि उन्हें बाजार से जबरन उठाकर थाने ले जाया गया, जहां उनके साथ मारपीट की गई। वकील ने आरोप लगाया कि उन पर समझौता करने का दबाव बनाया गया और इंकार करने पर थर्ड डिग्री टॉर्चर दिया गया। महिला वकील ने दावा किया कि पुलिस की मारपीट में उनका हाथ तक टूट गया है। उन्होंने अदालत से मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। वहीं इस मामले में बार एसोसिएशन के पूर्व प्रधान प्रदीप सैनी ने भी पुलिस कार्रवाई की निंदा की है। उन्होंने कहा कि यदि पुलिस को किसी वकील से शिकायत थी तो पहले बार एसोसिएशन को सूचित किया जाना चाहिए था। क्या है मामला जानकारी के अनुसार थाना रंजीत एवेन्यू में 3 मार्च 2026 को बीएनएस की धारा 308(2), 3(5) और 351(3) के तहत मामला दर्ज किया गया है। शिकायत गांव तलवंडी दसौंधा सिंह के मौजूदा सरपंच की ओर से दी गई थी। शिकायत के मुताबिक गुरसेज सिंह नामक व्यक्ति को कुछ लोगों ने फोन कर कथित तौर पर ब्लैकमेल करना शुरू किया। पहले 500 रुपये की गूगल पे ट्रांजैक्शन का हवाला दिया गया और बाद में 10 लाख रुपये की मांग की गई। पैसे न देने पर कार्रवाई की धमकी देने का भी आरोप है। शिकायत के अनुसार आरोपियों ने रंजीत एवेन्यू स्थित एक रेस्टोरेंट में दोपहर दो बजे मिलने के लिए बुलाया था। पुलिस पहले से सतर्क थी और जैसे ही कथित आरोपी पैसे लेने पहुंचे, पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मनजीत सिंह को मौके पर काबू कर लिया। वहीं एक महिला आरोपी सिमरनजीत कौर की पहचान भी की गई। पुलिस का दावा है कि आरोपियों के कब्जे से 4 लाख 50 हजार रुपये बरामद किए गए हैं। हालांकि महिला वकील ने पुलिस की कार्रवाई को झूठा बताते हुए मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Mar 06, 2026, 09:41 IST
अमृतसर कोर्ट में पेशी के दौरान हंगामा, महिला वकील ने पुलिस पर लगाए गंभीर आरोप #SubahSamachar
