खलीलगर्वी क्षेत्र में बिजली आपूर्ति नहीं आने पर लोगों का हंगामा
शाहजहांपुर। शहर के मोहल्ला खलीलगर्वी क्षेत्र में बिजली व्यवस्था को लेकर लोगों में भारी नाराजगी देखने को मिली। बुधवार की रात डेढ़ बजे बंच लाइन जलने के बाद सुबह तक नहीं बदली गई। इसके चलते लोगों ने बिजली निगम की टीम के पहुंचने पर घेराव करते हुए हंगामा किया। आरोप है कि उनकी लाइन में दूसरी कॉलोनी को जोड़कर आपूर्ति को बहाल कर दिया है। रात में बिजली जाने पर भड़के लोगों ने उद्योग व्यापार मंडल की सदर बाजार इकाई के अध्यक्ष पंकज टंडन के नेतृत्व में हंगामा किया। बताया गया कि रात करीब डेढ़ बजे बिजली के तार पिघल गए थे। इसके बाद दोपहर लगभग ढाई बजे बिजली आपूर्ति बहाल हो सकी। बार-बार हो रही दिक्कतों से परेशान लोगों ने नाराजगी जताई। लोगों और टीम के बीच तीखी नोकझोंक भी हुई। बृहस्पतिवार की दोपहर करीब ढाई बजे बिजली आने पर लोगों ने राहत की सांस ली। अधिशासी अभियंता नगर आरपी सिंह ने बताया कि सूचना आने पर टीम को मौके पर भेजा गया था। संवाद
- Source: www.amarujala.com
- Published: Jun 25, 2026, 19:05 IST
खलीलगर्वी क्षेत्र में बिजली आपूर्ति नहीं आने पर लोगों का हंगामा #SubahSamachar
