हिसार में एनएच के दो ब्लैक स्पॉट, 11 महीने में 9 हादसों में 5 लोगों की मौत

पिछले 5 साल से हिसार-सिरसा नेशनल हाइवे नंबर 9 पर ढंढूर पुल तथा एयरपोर्ट चौक सबसे बड़े ब्लैक स्पॉट बने हुए हैं। हर एक से डेढ़ महीने में यहां हादसा होता रहता है। पिछले 11 महीने में इन दोनों स्थानों पर 9 हादसों में 5 लोगों की मौत हो चुकी है। हादसों में चार लोग घायल भी हुए हैं।प्रशासन की सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में कई बार रखे गए इन बिंदुओं का स्थायी समाधान नहीं हो सका है। अमर उजाला रिपोर्टर ने मौके पर जाकर इन ब्लैक स्पॉट की स्थिति को समझा। एयरपोर्ट चौक पर चौराहा बनने के कारण यहां हादसे का खतरा रहता है। धांसू गांव की ओर से वाले वाहन यहां विपरित दिशा में आते हैं। जिस कारण हादसे का खतरा ज्यादा रहता है। सिरसा की ओर से आने वाले वाहन शहर में प्रवेश करने के लिए आते हैं जो दिल्ली की ओर से आने वाले वाहनों को क्रास करते हुए निकलते हैं। दिल्ली ओर से आ रहे वाहनों की स्पीड अधिक होती है। हाइवे पर आ रहे वाहन चालकों को अंदाजा नहीं होता कि यहां इस तरह की क्रासिंग होती है। ऐसे में यहां हादसे का खतरा बढ़ जाता है। खासतौर पर रात के समय हादसे का खतरा सबसे ज्यादा होता है। यहां पर खतरे का संकेतक नहीं लगा हुआ है। नेशनल हाइवे ऑफ अथारिटी की ओर से यहा लूप या फ्लाईओवर प्रस्तावित किया गया था।जिस पर अभी तक काम शुरू नहीं हो सकी है। ढंढूर पुल के पास चंडीगढ़-राजगढ़ एनएच 52 के पास हिसार का सबसे बड़ा ब्लैक स्पॉट है। सिरसा की ओर से आने वाले वाहन चालकों को राजगढ़ या गांव ढंढूर की ओर जाना हो तो ऐसे वाहन चालक यहां विपरित दिशा में गाड़ी दौड़ाते हैं। हिसार से सिरसा की ओर जाने वाली बसों को हाइवे पर अवैध तरीके से रोक कर सवारी उतारते हैं। हिसार शहर से चंडीगढ़ की ओर जाने वालों को नेशनल हाइवे पर मुड़ना होता है। जिसमें हादसे की आशंका सबसे ज्यादा रहती है। यहां सर्विस लेन का विकल्प भी खुला है। ऐसे में दोनों लेन में आ रहे वाहन स्पीड में होते हैं। यहां पर हाइवे पर संकेतक बोर्ड पर यह नहीं दर्शाया गया है कि उन्हें किस ओर जाने के किस डायवर्जन या मोड से मुड़ना है। सिरसा की ओर से आ रहे वाहनों को एनएच 52 पर चढकर राजगढ़ की ओर जाना हो तो उन्हें पुल पार करने तक विकल्प नहीं दिखता। ऐसे में काफी वाहन चालक रोंग साइड में ही चलते हैं। नेशनल हाइवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया की ओर से ढंढूर पुल के पास लूप बनाने के लिए 100 करोड़ का प्रस्ताव पास किया है। टोल कंपनी से इन कार्याें को पूरा कराया जाएगा। एनएचएआई को इस बारे में प्राथमिकता से कार्य करने के आदेश दिए गए हैं। एयरपोर्ट चौक को लेकर भी फ्लाईओवर के प्रस्ताव पर विमर्श किया जा रहा है। -रणबीर गंगवा, मंत्री, पीडब्ल्यूडी, हिसार।

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: Dec 10, 2025, 12:09 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »


हिसार में एनएच के दो ब्लैक स्पॉट, 11 महीने में 9 हादसों में 5 लोगों की मौत #SubahSamachar