स्टेशन की व्यवस्थाओं पर महाप्रबंधक सख्त, एफओबी और पार्किंग व्यवस्था में सुधार के निर्देश
शाहजहांपुर। उत्तर रेलवे के महाप्रबंधक राजेश कुमार पांडेय ने बृहस्पतिवार को शाहजहांपुर रेलवे स्टेशन का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने स्टेशन परिसर, यात्री सुविधाओं और चल रहे विकास कार्यों का जायजा लिया तथा अधिकारियों को विभिन्न व्यवस्थाओं में सुधार के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान महाप्रबंधक ने सेकंड क्लास वेटिंग रूम का निरीक्षण किया। उन्होंने वेटिंग रूम की साफ-सफाई और यात्रियों की सुविधाओं को बेहतर बनाने पर जोर दिया। महाप्रबंधक ने पार्सल कार्यालय को उपयुक्त स्थान पर स्थानांतरित करने व वर्तमान पार्किंग व्यवस्था को जल्द दूसरी जगह शिफ्ट करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि उपलब्ध स्थान का बेहतर उपयोग करते हुए सड़क निर्माण कराया जाए, जिससे आवागमन सुगम हो सके। साथ ही कार और साइकिल पार्किंग की व्यवस्था को व्यवस्थित एवं सुविधाजनक बनाने पर बल दिया। स्टेशन के बाहरी क्षेत्र का निरीक्षण करते हुए उन्होंने रोड साइड की क्षतिग्रस्त चहारदीवारी को दुरुस्त कराने और स्टेशन परिसर के समग्र विकास के लिए आवश्यक कदम उठाने को कहा। फुट ओवर ब्रिज (एफओबी) निर्माण कार्य में हो रही देरी पर महाप्रबंधक ने नाराजगी जताई। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से कार्य शुरू न होने का कारण पूछा और निर्माण कार्य शीघ्र प्रारंभ कराने के निर्देश दिए।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Jun 25, 2026, 19:06 IST
स्टेशन की व्यवस्थाओं पर महाप्रबंधक सख्त, एफओबी और पार्किंग व्यवस्था में सुधार के निर्देश #SubahSamachar
