तारीन टिकली में वाहन की टक्कर से डेयरी संचालक की मौत, परिजन ने लगाया जाम
शाहजहांपुर। लाल इमली से घंटाघर की ओर जाने वाले मार्ग पर मोहल्ला तारीन टिकली में अज्ञात वाहन की टक्कर लगने से बाइक सवार 28 वर्षीय अंकुर यादव गंभीर रूप से घायल हो गए। राजकीय मेडिकल कॉलेज में सुबह उन्होंने दम तोड़ दिया। हादसे का सीसी फुटेज नहीं मिलने पर नाराज लोगों ने सड़क जाम कर विरोध जताया। थाना सदर बाजार क्षेत्र के मोहल्ला झंडा कलां निवासी अंकुर यादव डेयरी संचालक थे। बुधवार की रात वह ढाबे पर खाना खाने के लिए बाइक से निकले थे। रात में करीब 12 बजे लौटते समय मोहल्ला तारीन टिकली में बाइक में किसी वाहन से टक्कर लग गई। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गए। उनकी बाइक भी काफी क्षतिग्रस्त हो गई। लोगों की सूचना पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घायल को राजकीय मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया। जहां उपचार के दौरान सुबह उनकी मौत हो गई। उनकी मौत से परिवार में मातम छाया है। उनके बडे़ भाई अंकित के आंसू नहीं थम रहे हैं। पोस्टमॉर्टम के बाद परिजन शव लेकर पहुंचे तो शाम करीब पांच बजे घंटाघर जाने वाला मार्ग जाम कर दिया। आरोप है कि पुलिस सीसी कैमरों की फुटेज तलाश करने के बजाये टाल रही है। सूचना पर सदर बाजार पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाने का प्रयास शुरू किया। जिस पर लोगों की जमकर नोकझोंक भी हुई।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Jun 25, 2026, 19:05 IST
तारीन टिकली में वाहन की टक्कर से डेयरी संचालक की मौत, परिजन ने लगाया जाम #SubahSamachar
