झारखंड के मजदूर का था बंद कुएं में मिला शव, मोबाइल से हुई पहचान; VIDEO
अग्रवाल मार्केट में बुधवार की सुबह पत्थर से ढके कुएं में मिले शव की पहचान हो गई है। शव झारखंड के गुमला जिले के कजेस्तान टोप्पो का था। संबंधित थाने में उसकी गुमशुदगी दर्ज थी। वह चोपन कैसे आए, यह स्पष्ट नहीं हो पाया है। पुलिस मामले की छानबीन में जुटी है। नगर के अग्रवाल मार्केट निवासी सत्यदेव पांडेय ने बुधवार की सुबह करीब आठ बजे पुलिस को सूचना दी थी कि उनके कुएं से दुर्गंध आ रही है। टॉर्च की रोशनी में देखने पर कुएं में एक व्यक्ति का शव दिखाई पड़ा। पुलिस ने शव को बाहर निकलवाया। मृतक की जेब से मिले मोबाइल फोन के सिम के आधार पर उसकी बहन अनीता से संपर्क हुआ। उन्होंने मृतक की पहचान गुमला निवासी कजेस्तान टोप्पो के रूप में की। बहन के मुताबिक कजेस्तान पहले बैंगलुरु में शेफ का काम करता था और बाद में मुंबई में मजदूरी कर रहा था। एक सप्ताह पहले उसने उत्तर प्रदेश में होने की जानकारी दी थी, जिसके बाद उसका मोबाइल बंद हो गया था। परिजनों ने एक मई को झारखंड के जारी थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई थी। एसओ अखिलेश मिश्र ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
- Source: www.amarujala.com
- Published: May 07, 2026, 18:38 IST
झारखंड के मजदूर का था बंद कुएं में मिला शव, मोबाइल से हुई पहचान; VIDEO #SubahSamachar
