कोटा: बीटेक छात्र की हत्या के तीन आरोपी जयपुर से गिरफ्तार, पहचान छिपाकर फैक्टरी में कर रहे थे नौकरी

राजस्थान के कोटा में बीटेक प्रथम वर्ष के छात्र भुवनेश नागर की चाकू मारकर हत्या के मामले में पुलिस ने फरार चल रहे तीन आरोपियों को जयपुर से गिरफ्तार किया है। आरोपियों में 21 वर्षीय राहुल उर्फ बच्चा, 20 वर्षीय सागर और एक बाल अपचारी शामिल हैं। पुलिस के अनुसार, वारदात के बाद तीनों अपनी पहचान छिपाकर जयपुर की एक फैक्टरी में नौकरी करने लगे थे। कोटा पुलिस की विशेष टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिरों से मिली सूचना के आधार पर छापा मारकर उन्हें पकड़ा। आरोपियों पर पांच अक्तूबर की रात मोदी इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी के छात्र भुवनेश नागर पर चाकू से हमला कर उसकी हत्या करने का आरोप है। पुरानी रंजिश में हत्या करने का आरोप सिटी पुलिस अधीक्षक तेजस्विनी गौतम ने बताया कि प्रारंभिक जांच में हत्या की वजह पुरानी रंजिश सामने आई है। पुलिस पूछताछ के अनुसार, इसी साल मार्च में भुवनेश नागर ने अपने साथियों के साथ मिलकर राहुल के साथ मारपीट की थी। इस दौरान राहुल पर चाकू से हमला किए जाने की बात भी सामने आई है। राहुल ने इस घटना की शिकायत अनंतपुरा थाने में दर्ज कराई थी। पुलिस के मुताबिक, इस घटना के बाद से राहुल और भुवनेश के बीच रंजिश चल रही थी। आरोप है कि राहुल पुरानी मारपीट का बदला लेना चाहता था। इसी वजह से उसने अपने साथियों के साथ मिलकर भुवनेश पर चाकू से हमला किया। वारदात को अंजाम देने के बाद तीनों आरोपी मौके से फरार हो गए थे। अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि हत्या से पहले आरोपियों ने किस तरह योजना बनाई और वारदात में किसकी क्या भूमिका रही। सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों से मिली मदद तीनों आरोपियों की तलाश में कोटा पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के इलाकों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। पुलिस के अनुसार, आरोपी फरारी के दौरान अपनी पहचान छिपाकर रह रहे थे। उनकी गिरफ्तारी के लिए नकद इनाम की घोषणा भी की गई थी। जांच के दौरान पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिरों की मदद से आरोपियों की लोकेशन का पता लगाया। पुलिस को सूचना मिली कि तीनों जयपुर की एक फैक्टरी में काम कर रहे हैं। इसके बाद कोटा पुलिस की विशेष टीम जयपुर पहुंची और दबिश देकर तीनों को गिरफ्तार कर लिया। दोस्त से मिलने निकला था बीटेक छात्र पुलिस के अनुसार, भुवनेश नागर कोटा के मोदी इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी में बीटेक प्रथम वर्ष का छात्र था। पांच अक्तूबर की रात करीब साढ़े आठ बजे वह मोटरसाइकिल से अपने मित्र से मिलने के लिए निकला था। इसी दौरान अनंतपुरा थाना क्षेत्र में कान्हा मैरिज गार्डन के पास आरोपियों ने उसे घेर लिया और चाकू से हमला कर दिया। हमले में गंभीर रूप से घायल भुवनेश की मौत हो गई। राहुल पर तीन और सागर पर सात आपराधिक मामले दर्ज पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी राहुल उर्फ बच्चा के खिलाफ कोटा शहर के अलग-अलग थानों में पहले से तीन आपराधिक मामले दर्ज हैं। वहीं, सह-आरोपी सागर के खिलाफ विभिन्न थानों में सात मामले दर्ज पाए गए हैं। पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर हत्या से जुड़े अन्य पहलुओं और उनकी भूमिका की जांच कर रही है।

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: Oct 28, 2026, 10:16 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »




कोटा: बीटेक छात्र की हत्या के तीन आरोपी जयपुर से गिरफ्तार, पहचान छिपाकर फैक्टरी में कर रहे थे नौकरी #CityStates #Rajasthan #Kota #RajasthanNews #SubahSamachar