Hapur News: गृह क्लेश से आहत युवक ने खाया जहरीला पदार्थ, मौत
गढ़मुक्तेश्वर। बहादुरगढ़ थाना क्षेत्र के गांव अल्लीपुर निवासी एक युवक की जहरीले पदार्थ के सेवन के बाद उपचार के दौरान मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों ने बिना किसी कानूनी कार्रवाई के शव का अंतिम संस्कार कर दिया।गांव अल्लीपुर निवासी 30 वर्षीय युवक ने रविवार को घरेलू विवाद और गृह क्लेश से परेशान होकर जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया था। युवक की हालत बिगडऩे पर परिजन उसे तत्काल उपचार के लिए अस्पताल लेकर पहुंचे। प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे मेरठ अस्पताल रेफर कर दिया गया। वहां मेरठ अस्पताल में चिकित्सकों द्वारा युवक का उपचार किया जा रहा था लेकिन रविवार रात उसकी हालत अधिक गंभीर हो गई और उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया। युवक की मौत की सूचना मिलते ही परिवार में मातम छा गया और गांव में भी शोक की लहर दौड़ गई। सोमवार को युवक का शव गांव पहुंचने पर परिजनों और परिचितों की भीड़ जुट गई। मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था।सीओ स्तुति सिंह का कहना है कि मामले में किसी भी पक्ष की ओर से कोई तहरीर नहीं दी गई है। परिजनों ने बिना किसी कानूनी कार्रवाई शव का अंतिम संस्कार कर दिया।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Jun 01, 2026, 22:16 IST
Hapur News: गृह क्लेश से आहत युवक ने खाया जहरीला पदार्थ, मौत #HapurNews #SubahSamachar
