Gorakhpur News: पूर्वोत्तर रेलवे मजदूर यूनियन के अध्यक्ष केएल गुप्ता का निधन, पंचतत्व में विलीन
गोरखपुर। पूर्वोत्तर रेलवे मजदूर यूनियन (नरमू) के अध्यक्ष और भारतीय रेलवे के मजदूर आंदोलन के दिग्गज नेता कन्हैया लाल गुप्ता का शुक्रवार को निधन हो गया। 110 वर्ष की उम्र में उन्होंने दोपहर 12 बजे पुर्दिलपुर स्थित अपने आवास पर अंतिम सांस ली। उनकी अंतिम यात्रा घर से निकलकर नरमू कार्यालय होते हुए राजघाट पहुंची, जहां उनका अंतिम संस्कार हुआ। इस दौरान कर्मचारियों ने नारे लगाए।उनके निधन की खबर से रेलवे कर्मचारियों और विभिन्न श्रमिक संगठनों में शोक की लहर दौड़ गई। करीब सात दशक तक रेलकर्मियों के अधिकारों के लिए संघर्ष करने वाले गुप्ता के निधन को रेलवे मजदूर आंदोलन की बड़ी क्षति माना जा रहा है। बताया जा रहा है कि पिछले एक वर्ष से अस्वस्थ चल रहे केएल गुप्ता का पार्थिव शरीर उनके आवास से अंतिम यात्रा के रूप में रेलवे मुख्यालय परिसर स्थित नरमू कार्यालय लाया गया। यहां यूनियन के पदाधिकारियों, रेलकर्मियों और शुभचिंतकों ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। पूर्वोत्तर रेलवे के महाप्रबंधक उदय बोरवणकर ने भी श्रद्धांजलि दी। इसके बाद अंतिम यात्रा राजघाट पहुंची, जहां उनका अंतिम संस्कार किया गया। संगठन के संयुक्त महामंत्री ओंकारनाथ सिंह ने बताया कि केएल गुप्ता ने वर्ष 2025 में नरमू के महामंत्री का पद छोड़कर अध्यक्ष की जिम्मेदारी संभाली थी। वह ऑल इंडिया रेलवे मेंस फेडरेशन के पूर्व कार्यकारी अध्यक्ष भी रहे। संगठन में उनकी लोकप्रियता का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि रेलकर्मियों ने उन्हें लगातार अपना नेतृत्व सौंपा। उनका जीवन सादगी, संघर्ष और श्रमिक हितों के प्रति समर्पण का उदाहरण रहा।शव यात्रा में नरमू के महामंत्री बसंत लाल चतुर्वेदी, संयुक्त महामंत्री ओंकारनाथ सिंह, मंडल मंत्री संजय कुमार पांडेय और ऑल इंडिया रेलवे मेंस फेडरेशन के महामंत्री शिवगोपाल मिश्र, एनई रेलवे मेंस कांग्रेस के अध्यक्ष सुभाष दुबे, एनई रेलवे मेंस कांग्रेस के जोनल अध्यक्ष युवा प्रकोष्ठ शाखा मंत्री सिगनल वर्कशाप नितेश शुक्ला, पीआरकेएस के महामंत्री विनोद राय समेत विभिन्न कर्मचारी संगठनों के पदाधिकारी शामिल रहे।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Nov 07, 2026, 02:02 IST
Gorakhpur News: पूर्वोत्तर रेलवे मजदूर यूनियन के अध्यक्ष केएल गुप्ता का निधन, पंचतत्व में विलीन #KLGupta #PresidentOfTheNorthEasternRailwayWorkers'Union #PassesAway;LaidToRest(mergedWithTheFiveElements) #SubahSamachar
