Gorakhpur News: दिव्यांगों के हुनर से सजा दीपावली मेला, जमकर हुई खरीदारी
संवाद न्यूज एजेंसीगोरखपुर। विकास भवन परिसर में शुक्रवार को मंडल स्तरीय दिव्यांगजन दिव्य दीपावली मेले का आयोजन किया गया। मुख्य विकास अधिकारी शाश्वत त्रिपुरारी ने फीता काटकर मेले का उद्घाटन किया। मेले में गोरखपुर, देवरिया, कुशीनगर और महराजगंज के दिव्यांगजनों की ओर से तैयार किए गए हस्तनिर्मित उत्पाद आकर्षण का केंद्र रहे। लोगों ने इन उत्पादों की जमकर खरीदारी की।मेले में लक्ष्मी-गणेश की मूर्तियां, मिट्टी की मूर्तियां, दीपावली की सजावट का सामान, जूट से बने डोरमैट और बैग, मोतियों की मालाएं, चित्रकला, मोमबत्तियां, अगरबत्तियां और झाड़ू समेत कई उत्पाद बिक्री के लिए उपलब्ध रहे। इसके अलावा भगवान की पोशाक और दीपावली से जुड़े अन्य सजावटी सामान भी लोगों को पसंद आए। खास बात यह रही कि मेले में हस्तनिर्मित उत्पाद बाजार की तुलना में कम कीमत पर उपलब्ध थे। उचित दाम और बेहतर गुणवत्ता के चलते खरीदारों ने इन उत्पादों में खास रुचि दिखाई। इससे दिव्यांगजनों को अपने हुनर और मेहनत से तैयार किए गए सामान की बिक्री का अवसर मिला।मेले का आयोजन जिला दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग की ओर से किया गया। इसका उद्देश्य दिव्यांगजनों की प्रतिभा को मंच प्रदान करने के साथ उनके हस्तनिर्मित उत्पादों को बाजार उपलब्ध कराना और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने के प्रयासों को बढ़ावा देना है।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Nov 07, 2026, 02:02 IST
Gorakhpur News: दिव्यांगों के हुनर से सजा दीपावली मेला, जमकर हुई खरीदारी #DiwaliFairAdornedWithTheCraftsmanshipOfPersonsWithDisabilities;SeesBriskShopping #SubahSamachar
