फिर बदला मौसम: उत्तर-पश्चिम भारत के मैदानों में बारिश, चोटियों पर हिमपात; दिल्ली-एनसीआर में मामला नरम-गरम

उतर-पश्चिम भारत से लेकर पूर्वी भारत के कुछ हिस्से और पूर्वोत्तर तक मौसम के मिजाज में फिर बदलाव देखने को मिल रहा है। घाटियों और मैदानी इलाकों में जहां बारिश हुई है, वहीं ऊंची चोटियों पर हिमपात हुआ है। इससे पारा 11 डिग्री तक गिर गया है। हालांकि, राजस्थान समेत पश्चिम भारत से लेकर पूर्वी, मध्य और दक्षिण भारत में गर्मी का सितम बना हुआ है, कई जगह लू चल रही है और देश में सबसे अधिक यूपी के बांदा में अधिकतम तापमान 44.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) की ताजा बुलेटिन के अनुसार, शुक्रवार सुबह तक जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, उप हिमालयी पश्चिम बंगाल और पूर्वोत्तर के राज्यों में बारिश हुई और ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फ गिरी। तमिलनाडु में भी कुछ जगहों पर बारिश हुई है। इस दौरान 50-70 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं भी चलीं और तेज गरज के साथ बिजली भी चमकी। इसके अलावा, पश्चिम बंगाल के गंगा किनारे वाले इलाकों, ओडिशा, झारखंड, बिहार, मध्य महाराष्ट्र, मराठवाड़ा, गुजरात, सौराष्ट्र और कच्छ के कुछ इलाकों में 30-50 किमी प्रति घंटे गति से हवाएं चलीं। कश्मीर घाटी में रातभर हुई बारिश से अधिकतम तापमान में 11 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट हुई और लोगों को भीषण गर्मी से बड़ी राहत मिली। हालांकि, राजदान टॉप पर बर्फबारी के कारण 85 किमी लंबे बांदीपोरा-गुरेज सड़क बंद हो गई। राजदान टॉप पर लगभग 3 इंच तक बर्फबारी होने से सड़क पर फिसलन बढ़ गई है, जो वाहनों की आवाजाही के लिए सुरक्षित नहीं है। श्रीनगर में अधिकतम तापमान 15.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से 4.9 डिग्री कम है। गुलमर्ग में अधिकतम तापमान 6.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से 4.4 डिग्री और एक दिन पहले के मुकाबले 11 डिग्री सेल्सियस कम है। शनिवार को भी कुछ क्षेत्रों में तेज हवा, बारिश और हिमपात का अलर्ट है। दिल्ली-एनसीआर मेंबारिश ने लगाया चढ़ते तापमान पर ब्रेक दिल्ली में शुक्रवार की बारिश और तेज हवाओं से बढ़ते तापमान पर ब्रेक लग गया है। मौसम विज्ञान विभाग ने दिल्ली में बारिश का यलो अलर्ट जारी किया हुआ है। मौसम विभाग के अधिकारियों के अनुसार, अभी की मौसम गतिविधि का कारण मध्य और ऊपरी ट्रोपोस्फीयर में एक पश्चिमी विक्षोभ है, जिसके साथ ही दक्षिणी पंजाब से दक्षिण-पश्चिमी मध्य प्रदेश तक निचले ट्रोपोस्फीयर स्तर पर एक ट्रफ भी मौजूद है। दिल्ली के कुछ हिस्सों में कल शाम 6:15 बजे तक 3-5 एमएम बारिश दर्ज की गई। मौसम विभाग के अनुसार 20 से 22 अप्रैल तक मौसम ज्यादातर साफ रहने का अनुमान है। हिमाचल में आज-कल वर्षा का अलर्ट आईएमडी के क्षेत्रीय केंद्र ने हिमाचल प्रदेश के पांच जिलों में शनिवार और रविवार को छिटपुट स्थानों पर बिजली गिरने और 30-40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाओं के साथ गरज-चमक के साथ बारिश की चेतावनी जारी की। यह चेतावनी चंबा, कांगड़ा, कुल्लू, मंडी और शिमला जिलों के लिए जारी की गई थी। शुक्रवार को भी राज्य के कई हिस्सों में बारिश हुई, जिसके 20 और 23 अप्रैल को भी जारी रहने की संभावना है। बारिश से तापमान गिरा है और केलांग में रात का तापमान राज्य में सबसे कम 2.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि ऊना में दिन का तापमान सबसे अधिक 34.8 डिग्री सेल्सियस रहा। राजस्थान-झारखंड में पारा 40 के पार राजस्थान और झारखंड में अधिकतर जगह तापमान 40 डिग्री को पार कर गया है। राजस्थान में अधिकतम तापमान वर्तमान में 40 से 42 डिग्री सेल्सियस के बीच बना हुआ है। बाड़मेर में सबसे अधिक तापमान 42.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 3.2 डिग्री सेल्सियस अधिक है। हालांकि, कुछ जगहों पर बारिश होने और तेज हवाएं चलने से गर्मी से कुछ राहत मिलने की उम्मीद है। झारखंड में पारा 33.5 से 41.8 डिग्री सेल्सियस के बीच बना हुआ है। जिन जिलों में 19 और 20 अप्रैल को लू चलने की संभावना है उनमें गढ़वा, पलामू, चतरा, लातेहार, पश्चिम सिंहभूम, पूर्वी सिंहभूम और सरायकेला-खरसावां शामिल हैं।

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: Apr 18, 2026, 06:30 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »




फिर बदला मौसम: उत्तर-पश्चिम भारत के मैदानों में बारिश, चोटियों पर हिमपात; दिल्ली-एनसीआर में मामला नरम-गरम #CityStates #DelhiNcr #Delhi #WeatherReport #SubahSamachar