टोहाना में नशा मुक्ति को लेकर युवाओं ने भरी हुंकार, बस स्टैंड से मैराथन को दिखाई हरी झंडी
पुलिस द्वारा नशे के खिलाफ चलाए जा रहे नशा मुक्त टोहाना अभियान के तहत रविवार को शहर में विशाल जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता डीएसपी जयभगवान ने की, जबकि मुख्य अतिथि के रूप में राज्यसभा सांसद सुभाष बराला पहुंचे। विशेष अतिथि के तौर पर एसडीएम टोहाना आकाश शर्मा व नगर परिषद चेयरमैन नरेश बंसल मौजूद रहे। शहर के पुराने बस स्टैंड से शुरू हुए इस कार्यक्रम में हजारों युवाओं का सैलाब उमड़ पड़ा। हाथों में नशा मुक्त टोहाना के बैनर और तिरंगा लिए युवा भारत माता के जयकारे लगाते नजर आए। डीएसपी जयभगवान ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का नशा मुक्त भारत और फिट इंडिया का जो नारा है, उसी संकल्प को लेकर यह दौड़ आयोजित की गई है। उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजन से युवा नशे जैसी बुराई को जड़मूल से खत्म करने का संकल्प लेते हैं। वहीं राज्यसभा सदस्य सुभाष बराला ने कहा कि आज टोहाना के नौजवानों, बच्चों और बेटियों में जो जोश देखने को मिला है वह काबिले तारीफ है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी लंबे समय से जिला मुख्यालयों पर मैराथन व खेल आयोजनों के माध्यम से युवाओं को नशे से दूर कर रहे हैं। सांसद खेल महोत्सव के जरिए लाखों युवाओं को खेल से जोड़ने का काम किया गया है। बराला ने कहा कि नशा केवल शरीर को ही नहीं बल्कि पूरे परिवार और राष्ट्र को खोखला करता है, इसलिए हर युवा को नशे के खिलाफ सिपाही बनना होगा। कार्यक्रम के तहत बस स्टैंड से शुरू हुई मैराथन दौड़ शहर के विभिन्न मार्गों से होते हुए वापस बस स्टैंड पर ही संपन्न हुई। इसके बाद कामकोरा स्टेडियम में विभिन्न एथलीट प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। इस मौके पर पुलिस प्रशासन ने सभी प्रतिभागियों को नशा न करने की शपथ भी दिलवाई।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Oct 11, 2026, 09:50 IST
टोहाना में नशा मुक्ति को लेकर युवाओं ने भरी हुंकार, बस स्टैंड से मैराथन को दिखाई हरी झंडी #SubahSamachar
