फतेहाबाद में मौसम बदला, खुले में पड़ा धान, तिरपाल से ढकने में जुटे व्यापारी

मौसम में बदलाव और आसमान में बादल छाने से अनाज मंडियों में खुले में पड़ा धान भीगने का खतरा बढ़ गया है। फतेहाबाद की पुरानी अनाजमंडी में शेड के बाहर भी धान की ढेरियां लगी हुई हैं। मौसम को देखते हुए व्यापारी धान की ढेरियों को तिरपाल से ढकने में जुटे रहे, ताकि बारिश होने की स्थिति में फसल को नुकसान से बचाया जा सके। मंडी में धान की आवक लगातार जारी है, लेकिन उठान की रफ्तार आवक और खरीद के मुकाबले धीमी बनी हुई है। ऐसे में मंडियों में धान की ढेरियां जमा हो रही हैं। खुले में रखी फसल को सुरक्षित रखना व्यापारियों और किसानों के लिए चुनौती बना हुआ है। मौसम खराब होने की आशंका के चलते मंडी में सतर्कता बढ़ गई है। रविवार को नहीं होगी धान की खरीद रविवार होने के कारण आज मंडियों में धान की खरीद नहीं होगी। हालांकि, मंडियों से धान का उठान जारी रहेगा। खरीद बंद रहने के बावजूद उठान की प्रक्रिया चलने से मंडियों में जमा धान को बाहर निकालने का काम किया जाएगा। 78,521 एमटी धान की आवक, 4336 एमटी का उठान जिले की सात अनाज मंडियों में अब तक 78,521 मीट्रिक टन धान पहुंच चुका है। इसमें से 28,064 मीट्रिक टन धान की खरीद की जा चुकी है। वहीं, अब तक केवल 4336 मीट्रिक टन धान का ही उठान हो पाया है। खरीद के मुकाबले उठान कम होने के कारण मंडियों में धान की ढेरियां बनी हुई हैं। यदि मौसम बिगड़ता है तो खुले में रखे धान को नुकसान होने की आशंका भी बढ़ सकती है।

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: Oct 11, 2026, 09:49 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »


फतेहाबाद में मौसम बदला, खुले में पड़ा धान, तिरपाल से ढकने में जुटे व्यापारी #SubahSamachar