Video: सुल्तानपुर में आयुर्वेदिक दवा विक्रेता का शव गन्ने के खेत में मिला, बेटी ने जताई हत्या की आशंका
सुल्तानपुर में रविवार सुबह आयुर्वेदिक दवा की सप्लाई करने वाले एक व्यक्ति का संदिग्ध अवस्था में शव गन्ने के खेत में पाया गया। घटना दोस्तपुर थाना अंतर्गत पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे के सर्विस लेन स्थित पसिया पारा की है। मृतक की पहचान थाना दोस्तपुर अंतर्गत कोहरा गांव निवासी बखेड़ू गौढ (55) पुत्र स्वर्गीय राम आधार के रूप में हुई। मृतक बखेड़ू गांव-गांव आयुर्वेदिक दवाएं बेचने का काम करता था। मृतक की बेटी अंशिका ने बताया कि चार दिन पहले वे घर पर खाना खाकर साइकिल लेकर निकले थे। उसके बाद हम लोग खेत पर चले गए थे। तब से पिता घर नहीं आए थे। रविवार सुबह पसिया पारा स्थित दानपति यादव के गन्ने के खेत में उसका शव मिला है। उसके सिर में चोट पाई गई है। साथ ही उसकी साइकिल नहीं मिली और पैर में चप्पल भी नहीं थी। उसकी बेटी अंशिका ने हत्या की आशंका जताते हुए थाने में अज्ञात के विरुद्ध तहरीर दी है। उधर सीओ कादीपुर विनय गौतम, दोस्तपुर एसओ नारद मुनि सिंह और फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल की जांच किया है। पुलिस को मौके से कुछ गिलास, अंग्रेजी शराब की बोतल मिली है। बताया जा रहा है मृतक शराब का आदी था और अक्सर करके घर से गायब रहता था। घटना स्थल से डेढ़ किमी दूर पर ही शराब की दुकान भी है। बता दें कि मृतक की आठ बेटियां हैं इनमें 6 की शादी हो चुकी है, दो बेटियां अविवाहित हैं। एक बेटा सुमित 22 वर्ष मुंबई में मजदूरी का काम करता है। घटना के बाद मौके पर पहुंची पत्नी सावित्री देवी सहित परिवार जनों का रो-रो कर बुरा हाल है। फिलहाल सीओ विनय गौतम का कहना है कि शव को पोस्टमार्टम में भेजा गया है। शुरुआती जांच में लग रहा है कि मौत नशे की स्थिति में दुर्घटना में हुई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की वजह स्पष्ट हो पाएगी।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Oct 18, 2026, 09:59 IST
Video: सुल्तानपुर में आयुर्वेदिक दवा विक्रेता का शव गन्ने के खेत में मिला, बेटी ने जताई हत्या की आशंका #SubahSamachar
