Video: राजभर बोले- प्रधानमंत्री से बहस से पहले मुझसे मुकाबला करें राहुल
कैबिनेट मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने बुधवार को कांग्रेस और समाजवादी पार्टी पर निशाना साधा। सर्किट हाउस में मीडिया से बातचीत के दौरान उन्होंने राहुल गांधी को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से बहस करने से पहले अपने साथ आमने-सामने चर्चा करने की चुनौती दी। राजभर ने कहा कि वह कांग्रेस के 60 साल के शासन या राहुल गांधी की पसंद के किसी भी मुद्दे पर बहस को तैयार हैं। राहुल गांधी प्रधानमंत्री मोदी का नाम लिए बिना राजनीति नहीं कर सकते। उन्होंने पौराणिक बाली प्रसंग का हवाला देते हुए कहा कि मोदी के सामने बैठने पर राहुल गांधी का आधा बल खत्म हो जाएगा। उन्होंने राहुल गांधी पर देश के खिलाफ बयान देने का आरोप भी लगाया। सपा प्रमुख अखिलेश यादव पर टिप्पणी करते हुए राजभर ने आरोप लगाया कि मुस्लिम वोट बैंक की नाराजगी के डर से वह काशी, अयोध्या और मथुरा जाने से बचते हैं। उन्होंने दावा किया कि अखिलेश मथुरा में भगवान श्रीकृष्ण के दर्शन करने से डरते हैं। राजभर ने यह भी आरोप लगाया कि अखिलेश अयोध्या में चक्र और त्रिशूल लेकर घूमे, लेकिन रामलला के दर्शन नहीं किए। राजभर ने कांग्रेस और सपा पर घुसपैठियों के वोट के सहारे सरकार बनाने की कोशिश करने का आरोप लगाया। उन्होंने शिवराज सिंह चौहान के बयान का समर्थन करते हुए कहा कि जनता राहुल गांधी और अखिलेश यादव को नकार चुकी है। उनके मुताबिक, विपक्षी दल सत्ता से बाहर होने के कारण परेशान हैं, जबकि एनडीए सरकार जनता की सेवा कर रही है।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Nov 04, 2026, 19:42 IST
Video: राजभर बोले- प्रधानमंत्री से बहस से पहले मुझसे मुकाबला करें राहुल #SubahSamachar
