Video: गोंडा में छह हजार रुपये रिश्वत लेते वन दरोगा गिरफ्तार
भ्रष्टाचार निवारण संगठन (एंटी करप्शन) देवीपाटन मंडल की टीम ने मंगलवार को छह हजार रुपये रिश्वत लेते एक वन दरोगा को रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को तरबगंज वन रेंज कार्यालय परिसर के मुख्य द्वार के पास पकड़ा गया। एंटी करप्शन संगठन के निरीक्षक धनंजय कुमार सिंह के नेतृत्व में गठित ट्रैप टीम ने यह कार्रवाई की। गिरफ्तार वन दरोगा की पहचान बालकराम निवासी ग्राम बंदरहा चिरैया, थाना मनकापुर के रूप में हुई है, जो बेलसर व तरबगंज वन रेंज में तैनात था। जानकारी के अनुसार नवाबगंज थाना क्षेत्र के गोपसराय गांव निवासी राधेश्याम ने एंटी करप्शन संगठन से शिकायत की थी। आरोप था कि वन दरोगा फर्नीचर की दुकान संचालित करने के एवज में छह हजार रुपये की रिश्वत मांग रहा था। शिकायत का सत्यापन कराने के बाद ट्रैप टीम ने जाल बिछाया। मंगलवार दोपहर करीब 12:52 बजे जैसे ही आरोपी ने शिकायतकर्ता से रिश्वत की रकम ली, टीम ने उसे मौके पर ही दबोच लिया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को आवश्यक विधिक कार्रवाई के लिए अपने साथ ले जाया गया। भ्रष्टाचार निवारण संगठन के अधिकारियों ने बताया कि मामले में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Jun 23, 2026, 12:44 IST
Video: गोंडा में छह हजार रुपये रिश्वत लेते वन दरोगा गिरफ्तार #SubahSamachar
