नारनौल में स्कूल बस सड़क से उतरकर गड्ढे में फंसी, 50 बच्चे बाल-बाल बचे
शहर के कुलताजपुर रोड स्थित एक निजी स्कूल की बस मंगलवार सुबह बच्चों को स्कूल ले जाते समय हीरानगर कॉलोनी के पास असंतुलित होकर सड़क से नीचे गड्ढे में उतर गई। बस पलटने से बच गई, जिससे उसमें सवार करीब 50 बच्चे, बस चालक और शिक्षिका सुरक्षित बच गए। घटना के बाद बच्चों में चीख-पुकार मच गई और आसपास के लोग तुरंत मौके पर पहुंच गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बस के कंडक्टर साइड के आगे और पीछे दोनों पहिए सड़क से नीचे गड्ढे में चले गए थे। स्थानीय लोगों ने बिना देर किए बच्चों को सुरक्षित बस से बाहर निकाला। हादसे में किसी बच्चे को चोट नहीं आई। घटना के बाद मौके पर पहुंचे अभिभावकों ने राहत की सांस ली, जबकि कुछ लोगों ने बस चालक की लापरवाही पर नाराजगी जताई। सूचना मिलने पर स्कूल प्रबंधन भी मौके पर पहुंचा और दूसरी बस की व्यवस्था कर सभी बच्चों को सुरक्षित स्कूल भेजा। समय रहते बस नहीं पलटने से बड़ा हादसा टल गया।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Jul 07, 2026, 12:12 IST
नारनौल में स्कूल बस सड़क से उतरकर गड्ढे में फंसी, 50 बच्चे बाल-बाल बचे #SubahSamachar
