सुल्तानपुर में सड़क हादसा, मां-बेटे की मौत

सुल्तानपुर में सड़क हादसा, मां-बेटे की मौत लखनऊ-बलिया हाइवे पर पिकअप ने बाइक को मारी टक्कर, दवा लेने जा रहे थे सुल्तानपुर: लखनऊ-बलिया हाइवे पर बुधवार दोपहर एक सड़क हादसे में मां-बेटे की मौत हो गई। तेज रफ्तार पिकअप ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। यह घटना मोतिगरपुर थाना क्षेत्र के शाहपुर लपटा गांव के पास हुई। पुलिस ने मामले में विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार, जयसिंहपुर कोतवाली क्षेत्र के करौंदी निवासी अमर बहादुर (30 वर्ष) अपनी मां ममता देवी (55 वर्ष) को मोतिगरपुर में दवा दिलाने जा रहा था। दोपहर करीब 12:30 बजे जब वे शाहपुर लपटा के पास पहुंचे, तभी जौनपुर से सब्जी पहुंचाकर लौट रही एक पिकअप ने उनकी बाइक को सामने से टक्कर मार दी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक पहले एक पेड़ से करीब 5 फीट ऊपर उछली और फिर 30 मीटर दूर एक दीवार से टकराकर रुक गई। तेज आवाज सुनकर लोग मौके पर पहुंचे तो अमर बहादुर की मौके पर ही मौत हो चुकी थी। गंभीर रूप से घायल ममता देवी को स्थानीय लोगों ने पुलिस की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मोतिगरपुर पहुंचाया। वहां उनकी चिंताजनक हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें राजकीय मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया, लेकिन रास्ते में ही ममता देवी ने भी दम तोड़ दिया। बताया जा रहा है कि अमर बहादुर चंडीगढ़ में फर्नीचर का काम करता था और तीन दिन पहले ही घर आया था। वह अपने दो भाइयों विजय और अजय में सबसे बड़ा था। उसके पिता राम तीर्थ और मां गांव में रहते थे। अमर बहादुर की पत्नी अर्चना और डेढ़ साल का एक बेटा अयांश है। मोतिगरपुर एसओ अनिरुद्ध सिंह ने बताया कि शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले में विधिक कार्रवाई की जा रही है।

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: Jul 08, 2026, 15:21 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »


सुल्तानपुर में सड़क हादसा, मां-बेटे की मौत #SubahSamachar