Punhana News: शिक्षा के मंदिर तक मुश्किल हुई नौनिहालों की डगर, बिना बारिश के भी जलभराव से राहगीर तक परेशान

विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत मानोता के तहत आने वाले गांव नंगला जमालगढ़ (रूपाहेड़ी) में जलभराव की समस्या से लोग बेहाल हैं। गांव की मुख्य फिरनी सड़क पर बिना बारिश के भी पानी भरा रहता है। सबसे ज्यादा परेशानी राजकीय माध्यमिक विद्यालय जाने वाले बच्चों को उठानी पड़ रही है। स्कूल के मुख्य द्वार के सामने हमेशा गंदा पानी भरा रहता है, जिससे बच्चों को रोजाना कीचड़ और बदबू के बीच होकर स्कूल जाना पड़ता है। यह समस्या पिछले चार से पांच वर्षों से बनी हुई है। ग्रामीण कई बार शिकायत कर चुके हैं, लेकिन किसी ने अब तक सुध नहीं ली। पंचायत विभाग इस मामले में पूरी तरह लापरवाह बना हुआ हैं। उन्होंने कहा कि यह मार्ग सिर्फ स्कूल तक ही सीमित नहीं है, बल्कि गांव का मुख्य रास्ता है। इसके बावजूद विभाग ने अब तक न तो नालियां बनवाईं और न ही जल निकासी की कोई ठोस व्यवस्था की। ग्रामीणों ने बताया कि सड़क पर इतना पानी भर जाता है कि लोगों को रोजाना 6 किलोमीटर का चक्कर काटकर निकलना पड़ता है। कई बार बच्चे और बुजुर्ग गंदे पानी में फिसलकर गिर भी चुके हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि हालात ऐसे हैं कि बिना बारिश के भी यहां “बरसात जैसे हालात” बने रहते हैं। समस्या को लेकर ग्रामीण पहले कई बार जन संवाद और सीएम विंडो की मार्फत शिकायत की चुके है लेकिन उनकी शिकायत पर अभी तक कोई कार्यवाही नहीं हुई। ग्रामीणों को आरोप है की स्थानीय प्रशासन किसी बडे हादसे के इंतजार में है। उनकी शिकायतों को पंचायत विभाग फर्जी रिर्पोट तैयार कर बंद कर देता है। ग्रामीणों ने बताया कि इससे पहले बरसात के दौरान गांव से निकलने वाला पानी स्कूल प्रागंण में भर जाता था लेकिन स्कूल के प्रांगण में मिटटी डालने के बाद पानी रास्ते में ही भरा रहता है। ग्रामीणों ने समस्या के समाधान के लिए जिला प्रशासन से गुहार लगाई है। समस्या को लेकर पिनगवां के बीडीपीओ सुरजीत सिंह से संपर्क करने की कोशिश की लेकिन उनका फोन बंद मिला। "मुख्य रास्तें में भरे पानी के कारण बडी समस्या हो रही है। यहां से निकलने में ग्रामीणों सहित स्कूल के बच्चों को परेशानी होती है। कुछ वर्षो पहले रास्ते को बनाया गया जिसके बाद पंचायत विभाग ने इस रास्ते की सुध नहीं ली। ये रास्ता गांव का मुख्य रास्ता है।" निजामुद्दीन, ग्रामीण "रास्ता राजस्थान और हरियाणा सीमा को जोड़ने वाला मुख्य रास्ता है। स्कूल सहित मस्जिद इस रास्ते पर है। रास्ते से निकलने में आम लोगों को खासी परेशानी हो रही है। स्कूल के बच्चे दीवार के साथ साथ कीचड़ से बचकर स्कूल तक जाते है जो कभी भी हादसों का कारण बन सकता है।" अब्दुल जब्बार ग्रामीण.. "रास्ते को पक्का कराने के लिए पंचायत के पास बजट नहीं है। समस्या उनके संज्ञान में है जल्द ही रास्ते पर अस्थाई रूप से पानी की निकासी को लेकर मार्ग पर मिट्टी डालकर समस्या का समाधान कराने की कोशिश की जाएगी।" राजू खान सरपंच.. स्कूल आने जाने में बच्चों के साथ उन्हें भी बड़ी परेशानी उठानी पड रही है। बरसात के दिनों में ये आम समस्या है लेकिन बिना बरसात के भी हर समय स्कूल के सामने पानी भरा रहता है। जलभराव के कारण अभिभावक भी बच्चों को स्कूल भेजने से कतराते है। नरेन्द्र सिंह अध्यापक

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: Oct 16, 2025, 20:54 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »


Punhana News: शिक्षा के मंदिर तक मुश्किल हुई नौनिहालों की डगर, बिना बारिश के भी जलभराव से राहगीर तक परेशान #SubahSamachar