भिवानी के लोहारू थाने में हुई पुलिस-पब्लिक कमेटी की बैठक आयोजित

पुलिस अधीक्षक सुमित कुमार के निर्देशन में लोहारू थाना परिसर में पुलिस-पब्लिक कमेटी (पीपीसीसी) की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता डीएसपी संजीव गौड़ ने की तथा थाना प्रभारी इंस्पेक्टर जरनैल सिंह विशेष रूप से उपस्थित रहे। बैठक में थाना क्षेत्र की कानून-व्यवस्था की समीक्षा करते हुए अपराध नियंत्रण एवं जन सुरक्षा को लेकर कई अहम निर्णय लिए गए। बैठक में चोरी की घटनाओं की रोकथाम, नशा तस्करी पर प्रभावी अंकुश, जुआ गतिविधियों पर कार्रवाई तथा असामाजिक तत्वों पर सख्त निगरानी रखने पर विस्तृत चर्चा की गई। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस लगातार गश्त एवं निगरानी बढ़ा रही है। महिला एवं बाल सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए स्कूलों, कोचिंग संस्थानों, सार्वजनिक स्थलों एवं अन्य संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस गश्त तेज करने का निर्णय लिया गया। मुख्य बाजार क्षेत्र में यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाने, अव्यवस्थित पार्किंग पर कार्रवाई करने तथा जन-शिकायतों के त्वरित समाधान के लिए थाना स्तर पर निगरानी व्यवस्था मजबूत करने पर भी जोर दिया गया। साइबर ठगी के बढ़ते मामलों को देखते हुए आमजन को जागरूक करने के लिए विशेष अभियान चलाने का निर्णय लिया गया। पुलिस अधिकारियों ने नागरिकों से अपील की कि किसी भी संदिग्ध कॉल, लिंक या लेन-देन के मामले में सतर्क रहें और तुरंत पुलिस को सूचित करें। साथ ही सार्वजनिक स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे लगाने एवं पहले से स्थापित कैमरों को सक्रिय रखने पर भी बल दिया गया। रात दस बजे के बाद डीजे पर पूर्ण रहेगा प्रतिबंध थाना प्रभारी इंस्पेक्टर जरनैल सिंह ने रात्रि 10 बजे के बाद डीजे संचालन पर पूर्ण प्रतिबंध की जानकारी देते हुए कहा कि उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। नागरिकों से अपील की गई कि यदि कहीं निर्धारित समय के बाद डीजे बजता है तो डायल 112 पर सूचना दें। डीजे संचालकों को निर्देशित किया गया कि किसी भी आपातकालीन बुकिंग के मामले में पूर्व सूचना थाने में दें तथा अनुमति लेना अनिवार्य है। बैठक में नगर पालिका प्रधान को शहर के प्रमुख चौराहों एवं सार्वजनिक स्थलों पर सीसीटीवी कैमरे स्थापित करने का सुझाव दिया गया, जिस पर उन्होंने आगामी मासिक बैठक में प्रस्ताव रखने का आश्वासन दिया। बैठक में नगरपालिका प्रधान, व्यापार मंडल प्रधान धनपत सैनी, विजय शेखावत, प्रधान नरेश ठुकराल, संजय खंडेलवाल, रतन अग्रवाल, रोहताश लाम्बा, रामकिशन टिकेवाला उपस्थित रहे।

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: Feb 13, 2026, 12:36 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »


भिवानी के लोहारू थाने में हुई पुलिस-पब्लिक कमेटी की बैठक आयोजित #SubahSamachar