नमामि गंगे ने की पंच नदियों की संगम स्थली शिव कचहरी की सफाई
पंच नदियों की संगम स्थली पंचगंगा घाट पर गुरुवार को नमामि गंगे गंगा विचार मंच महानगर इकाई की ओर से स्वच्छता अभियान चलाया गया। गंगाधर की सेवा कर गंगा निर्मलीकरण का संदेश दिया। महाशिवरात्रि तक पखवाड़े भर चलाए जा रहे विशेष स्वच्छता अभियान के चौथे दिन घाट किनारे मढ़ी में स्थित अति प्राचीन शिव कचहरी की सफाई की गयी। सफाई के दौरान पानी की निकासी व्यवस्थित न होने के कारण एकत्रित जल से दुर्गंध आ रही थी। जिला संयोजक शिवम अग्रहरि के नेतृत्व में संस्था के सदस्यों ने घंटों श्रमदान कर पूरे प्रांगण को गंगाजल से धोया। शिवम ने बताया कि कई मंदिरों में मरम्मत की नितांत आवश्यकता है।ये हमारे काशी की पहचान है। धरोहरों को सहेजने हेतु जीर्ण-शीर्ण पड़े शिवालयों में जल निकासी दुरुस्त करने, खंडित विग्रहों का संरक्षण हो साथ ही नियमित देखरेख और पूजन हो सकें, इस निमित्त एक मांग पत्र जिला प्रशासन को सौंपेंगे। इस दौरान सत्यप्रकाश कुशवाहा, जय विश्वकर्मा, किरण पांडेय, अनुराग सोनकर, लक्ष्य जायसवाल, संतुष्ट सोनकर, शिवा आदि शामिल थे।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Feb 05, 2026, 08:19 IST
नमामि गंगे ने की पंच नदियों की संगम स्थली शिव कचहरी की सफाई #SubahSamachar
