VIDEO: रंजिश में दो पक्ष भिड़े, ताबड़तोड़ चलीं गोलियां; एक युवक गंभीर घायल

आगरा के फतेहाबाद थाना क्षेत्र के कुतकपुर गोला गांव के पास शुक्रवार रात पुरानी रंजिश को लेकर दो पक्ष आमने-सामने आ गए। आरोप है कि एक पक्ष ने बोलेरो सवार युवकों को घेरकर कई राउंड फायरिंग कर दी। गोली लगने से एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद राइफल लेकर खड़े एक युवक का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुआ। पुलिस ने मामले में 10 नामजद आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। डिरावली राजाखेड़ा, धौलपुर निवासी जयप्रकाश पुत्र भूरी सिंह ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उसका भाई जितेंद्र, कुलदीप और योगेंद्र आदि बोलेरो से फतेहाबाद मेला देखने आ रहे थे। शुक्रवार की रात करीब 10 बजे कुतकपुर गोला गांव के पास काले रंग की बिना नंबर की बोलेरो उनकी गाड़ी के सामने आकर रुक गई। आरोप है कि रामबृज पुत्र रूप सिंह निवासी मनोना अपने साथियों के साथ गाड़ी से उतरा। कुछ बाइक सवार भी उसके साथ थे। आरोपियों में सिलावट राजाखेड़ा धौलपुर निवासी नेत्रपाल, अनुरुद्धपुरा थाना मंसूखपुरा निवासी अजय उर्फ भुट्टा, देवखेड़ा राजाखेड़ा धौलपुर निवासी रामभरत, रामगढ़ थाना निबोहरा निवासी संदीप, कुतकपुर गोला निवासी भोला पुत्र कुमरपाल, मनौना निवासी अमरीश पुत्र रूप सिंह, पुष्पेंद्र उर्फ छोटा पुत्र राजबहादुर, हरेंद्र पुत्र सुरेश और पालेंद्र उर्फ पालू पुत्र प्रमोद शामिल थे। आरोप है कि भोला के हाथ में उसके पिता की लाइसेंसी राइफल थी। जयप्रकाश का आरोप है कि रामबृज ने जितेंद्र को निशाना बनाकर फायरिंग शुरू कर दी। इस दौरान गोली जितेंद्र के बाएं हाथ में लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। साथियों ने उसे बोलेरो से ले जाने का प्रयास किया तो आरोपियों ने कार पर भी फायरिंग कर दी। योगेंद्र ने 112 पर पुलिस को सूचना दी। जयप्रकाश स्कार्पियो से मौके पर पहुंचा और घायल भाई को लेकर फतेहाबाद की ओर रवाना हुआ। आरोप है कि रास्ते में भी आरोपियों ने उनकी गाड़ी पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग की। बाद में घायल जितेंद्र को फतेहाबाद में अस्पताल पहुंचाकर भर्ती कराया गया। सूचना मिलते ही फतेहाबाद पुलिस मौके पर पहुंची और लेकिन तब तक आरोपी मौके से फरार हो गया। पुलिस ने तहरीर के आधार पर रामबृज, नेत्रपाल, अजय उर्फ भुट्टा, रामभरत, संदीप, भोला, अमरीश, पुष्पेंद्र उर्फ छोटा, हरेंद्र और पालेंद्र उर्फ पालू के खिलाफ विभिन्न धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की है।

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: Aug 16, 2026, 10:54 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »


VIDEO: रंजिश में दो पक्ष भिड़े, ताबड़तोड़ चलीं गोलियां; एक युवक गंभीर घायल #SubahSamachar