मंडी बस अड्डे पर खाद्य विभाग की बड़ी कार्रवाई, पांच किलो खराब पनीर और कॉकरोच वाला आटा करवाया नष्ट
हिमाचल प्रदेश के मंडी शहर में खाद्य एवं सुरक्षा विभाग ने खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और स्वच्छता को लेकर सख्त कार्रवाई की है। वीरवार को विभाग की टीम ने शहर के विभिन्न ढाबों, दुकानों और मिठाई की दुकानों का निरीक्षण किया। इस दौरान मंडी बस अड्डा परिसर में करीब पांच किलो खराब पनीर, कॉकरोच मिला गूंथा हुआ आटा, बासी सब्जियां और चूहों के कुतरे हुए बैंगन मौके पर ही नष्ट करवाए गए। विभाग की इस कार्रवाई से खाद्य कारोबारियों में हड़कंप मच गया। निरीक्षण के दौरान बस अड्डा स्थित एक ढाबे में करीब पांच किलो पनीर खराब हालत में मिला। पनीर से बदबू आ रही थी और वह खाने योग्य नहीं था। इसे लोगों के स्वास्थ्य के लिए अनुपयुक्त मानते हुए विभागीय टीम ने मौके पर ही नष्ट करवा दिया। इसी तरह बस अड्डा परिसर के एक अन्य ढाबे में गूंथे हुए आटे में कॉकरोच पाए गए। टीम ने इस आटे को भी इस्तेमाल के अयोग्य मानते हुए नष्ट करवा दिया। इसके अलावा अन्य प्रतिष्ठानों में रखी बासी सब्जियां और चूहों के कुतरे हुए बैंगन भी मिले, जिन्हें मौके पर ही फिंकवा दिया गया। खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने शहर की मिठाई की दुकानों का भी निरीक्षण किया। इस दौरान बर्फी, बेसन के लड्डू और काजू जलेबी के सैंपल जांच के लिए भरे गए हैं। इन नमूनों के माध्यम से खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता की जांच की जाएगी। निरीक्षण के दौरान शहर के छह प्रतिष्ठानों में स्वच्छता संबंधी कमियां पाई गईं। विभाग ने इनके चालान किए। ये प्रतिष्ठान बिना पंजीकरण के भी संचालित किए जा रहे थे। इसके अलावा खुले में सिगरेट बेचने के मामले में दो दुकानदारों के खिलाफ कार्रवाई की गई। दोनों से पांच-पांच हजार रुपये के हिसाब से कुल 10 हजार रुपये जुर्माना वसूला गया। विभागीय आयुक्त एलडी ठाकुर ने बताया कि निरीक्षण के दौरान खाद्य पदार्थों के रखरखाव, साफ-सफाई और गुणवत्ता से जुड़ी अनियमितताएं सामने आई हैं। नियमानुसार कार्रवाई अमल में लाई जा रही है। उन्होंने उपभोक्ताओं से अपील की कि पैकेट बंद और खुली खाद्य सामग्री खरीदते समय उसकी अच्छी तरह जांच-पड़ताल करें। किसी भी तरह की शंका या शिकायत होने पर खाद्य सुरक्षा विभाग को सूचित करें, ताकि लोगों के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जा सके।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Nov 06, 2026, 10:25 IST
मंडी बस अड्डे पर खाद्य विभाग की बड़ी कार्रवाई, पांच किलो खराब पनीर और कॉकरोच वाला आटा करवाया नष्ट #SubahSamachar
