गुरुहरसहाय की फैक्टरी में फूड सेफ्टी विभाग की रेड, एक्सपायर्ड उत्पाद मिले
गुरुहरसहाय के निकट स्थित एक फैक्टरी के संबंध में मिली शिकायत के आधार पर फूड सेफ्टी विभाग, फिरोजपुर की टीम ने रविवार को अचानक चेकिंग की। विभाग के फूड सेफ्टी अधिकारी अभिनव कुमार के नेतृत्व में टीम ने फैक्टरी का निरीक्षण किया। चेकिंग के दौरान फैक्टरी बंद मिली और उसका मालिक अमित मौके पर मौजूद नहीं था। टीम ने फैक्टरी के अंदर मौजूद सामान तथा खाद्य पदार्थों के उत्पादन और स्टोरेज से संबंधित व्यवस्थाओं की जांच की। इस दौरान खाद्य पदार्थों की तैयारी और भंडारण में कई कमियां सामने आईं। इसके अलावा उत्पादों में घटिया अथवा अनुपयुक्त किस्म के रंग के इस्तेमाल को लेकर भी विभाग की ओर से गंभीर आशंकाएं जताई गईं। चेकिंग के दौरान फैक्टरी में कुछ मियाद पूरी कर चुके (एक्सपायर्ड) खाद्य उत्पाद भी पाए गए। विभागीय टीम ने इन उत्पादों से संबंधित रिकॉर्ड तैयार कर लिया है और आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी गई है। विभाग ने बताया कि संबंधित फूड बिजनेस ऑपरेटर के खिलाफ लागू नियमों के तहत विभागीय और कानूनी कार्रवाई की जा रही है। दस्तावेजों और अन्य रिकॉर्ड की जांच के बाद आगामी दिनों में आगे की कार्रवाई की जाएगी। फूड सेफ्टी विभाग ने खाद्य कारोबारियों को निर्देश दिए हैं कि वे खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन करें तथा केवल मंजूरशुदा फूड कलर और सामग्री का इस्तेमाल करें। साथ ही एक्सपायर्ड उत्पादों को बिक्री या उत्पादन में इस्तेमाल न किया जाए।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Sep 28, 2026, 04:12 IST
गुरुहरसहाय की फैक्टरी में फूड सेफ्टी विभाग की रेड, एक्सपायर्ड उत्पाद मिले #SubahSamachar
