फरीदकोट के विधायक ने गुरदित्त सिंह सेखों ने विधानसभा में उठाया धान की मिलिंग का मुद्दा

फरीदकोट के विधायक गुरदित्त सिंह सेखों ने पंजाब विधानसभा में पिछले खरीद सीजन के दौरान धान की मिलिंग और चावल की डिलीवरी के लंबित काम का मुद्दा उठाते हुए सरकार से स्पष्ट जवाब मांगा। सरकार की ओर से विधानसभा में बताया गया कि खरीफ सीजन 2025-26 के दौरान केंद्रीय पूल में 105 लाख मीट्रिक टन चावल की डिलीवरी की जानी थी। इनमें से 7 अगस्त 2026 तक 85.79 लाख मीट्रिक टन यानी 81.21 प्रतिशत चावल की डिलीवरी हो चुकी है। सरकार के अनुसार चावल की डिलीवरी का काम लंबित रहने का मुख्य कारण भारतीय खाद्य निगम (FCI) के पास स्टोरेज स्पेस की कमी है। इसी के चलते धान की मिलिंग और चावल की डिलीवरी की समय सीमा 30 जून से बढ़ाकर 30 सितंबर 2026 कर दी गई है। विधायक गुरदित्त सिंह सेखों की ओर से केंद्र सरकार के समक्ष स्टोरेज क्षमता बढ़ाने और अगस्त-सितंबर के दौरान हर महीने कम से कम 11 लाख मीट्रिक टन चावल की मूवमेंट सुनिश्चित करने की मांग रखी गई है। उन्होंने कहा कि सरकार और संबंधित विभागों का स्पष्ट उद्देश्य है कि नए धान खरीद सीजन की शुरुआत से पहले पिछले सीजन का पूरा लंबित काम पूरा किया जाए। इससे किसानों, आढ़तियों, राइस मिलरों और खरीद एजेंसियों को आगामी सीजन के दौरान किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। विधायक सेखों ने कहा कि किसानों के हितों से जुड़े हर मुद्दे को पंजाब विधानसभा में लगातार प्रमुखता से उठाया जाता रहेगा।

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: Aug 10, 2026, 09:13 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »


फरीदकोट के विधायक ने गुरदित्त सिंह सेखों ने विधानसभा में उठाया धान की मिलिंग का मुद्दा #SubahSamachar