Kushinagar News: अहिरौलीदान के बाद अब जवही दयाल में बांध कटने से सहमे ग्रामीण

तमकुहीरोड। तमकुहीरोड क्षेत्र के जवही दयाल में एपी बांध पर किमी 4.400 से 4.500 के बीच अचानक स्लोप कटने से ग्रामीणों में अफरा-तफरी मच गई। नारायणी (गंडक) नदी का डिस्चार्ज घटने के बावजूद बांध पर कटान शुरू होने से लोगों में बाढ़ का डर सताने लगा है। सूचना पर बाढ़ खंड के अभियंता मौके पर पहुंचे और बोल्डर डालकर बचाव कार्य शुरू कराया। नारायणी (गंडक) नदी का डिस्चार्ज 20 हजार क्यूसेक से नीचे आने के बावजूद एपी बांध पर कटान का खतरा थम नहीं रहा है। अहिरौलीदान में 20 दिन से अधिक समय तक कटान के बाद बृहस्पतिवार को जवही दयाल में बांध के किमी 4.400 से 4.500 के बीच अचानक कटान शुरू हो गया। बांध के स्लोप को कटते देख सैकड़ों लोग मौके पर जुट गए। एपी बांध के इस हिस्से में कटान शुरू होने से ग्रामीणों की चिंता बढ़ गई है। इस साल बाढ़ और कटान से पहले ही प्रभावित इस क्षेत्र के लोगों को बांध टूटने की आशंका सता रही है। ग्रामीणों का कहना है कि बांध पर कटान और रिसाव की समस्या पहले भी सामने आ चुकी है। 28 सितंबर को ततवा टोली के पास बांध टूटने के बाद से लोग सहमे हुए हैं। अहिरौलीदान में लगातार कटान से 20 से 25 घरों पर खतरा मंडरा रहा था। वहां लगातार बचाव कार्य के बाद कटान थमा ही था कि अब जवही दयाल में नया संकट खड़ा हो गया। ग्रामीणों का कहना है कि बांध की सुरक्षा को स्थायी रूप से मजबूत करने की जरूरत है। कटान की सूचना पर बाढ़ खंड के एक्सईएन विनोद कुमार वर्मा, एसडीओ दीपरतन सिंह और जेई रमेशधर दुबे, सुनील कुमार यादव व रामचंद्र प्रसाद मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने स्थिति की गंभीरता को देखते हुए बोल्डर डालकर कटान रोकने का काम शुरू कराया। ग्राम प्रधान दिनेश जायसवाल, अर्जुन मंडल, रमेश यादव, प्रभु पटेल और रामचंद्र ने बांध की सुरक्षा मजबूत करने की मांग की। बाढ़ खंड के एक्सईएन विनोद कुमार वर्मा ने बताया कि कटान स्थल पर बोल्डर डालकर बचाव कार्य कराया जा रहा है। फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है। विभागीय टीम मौके पर निगरानी रख रही है। घटनास्थल की लगातार निगरानी की जा रही है।

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: Oct 30, 2026, 02:15 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »




Kushinagar News: अहिरौलीदान के बाद अब जवही दयाल में बांध कटने से सहमे ग्रामीण #AfterAhiraulidan #NowVillagersAreScaredOfDamBreachInJawahiDayal. #SubahSamachar