VIDEO: दो दिन के दौरे पर आगरा आएंगे सीएम, टाटा मैदान पर होगी जनसभा
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शनिवार शाम करीब चार बजे दो दिन के दौरे पर आगरा आ रहे हैं। सीएम फतेहाबाद रोड स्थित टाटा मैदान पर जनसभा करेंगे। साथ ही 421 करोड़ के विकास कार्यों का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे। रविवार को खंदारी कैंपस में उच्च शिक्षा विभाग के शिक्षकों के लिए कैशलेस चिकित्सा और बीमा योजना का शुभारंभ करेंगे। मुख्यमंत्री के आगमन के लिए जिला प्रशासन ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। शुक्रवार को मंडलायुक्त नगेंद्र प्रताप, पुलिस आयुक्त दीपक कुमार और जिलाधिकारी मनीष बंसल ने फतेहाबाद रोड पर टाटा मैदान स्थित कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने मंच, सुरक्षा, पार्किंग और अन्य व्यवस्थाओं को परखा। इसके साथ ही मुख्यमंत्री की फ्लीट का रिहर्सल भी किया गया ताकि कार्यक्रम के दौरान किसी भी प्रकार की कोई चूक न हो। तय कार्यक्रम के अनुसार, सीएम योगी शनिवार दोपहर 3:40 बजे जालौन से हेलिकॉप्टर से सीधे टाटा मैदान पहुंचेंगे। यहां वे आगरा उत्तर, आगरा दक्षिण और आगरा ग्रामीण विधानसभा क्षेत्रों को कई विकास परियोजनाओं की सौगात देंगे और जनसभा को संबोधित करेंगे। इसके बाद शाम को आयुक्त सभागार में ब्रज तीर्थ विकास परिषद की बैठक करेंगे। मथुरा और आगरा की कानून-व्यवस्था, विकास कार्यों की समीक्षा करेंगे। शनिवार रात सीएम योगी सर्किट हाउस में प्रवास करेंगे। रविवार को मुख्यमंत्री खंदारी स्थित डाॅ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय परिसर के शिवाजी ऑडिटोरियम पहुंचेंगे। वहां वे उच्च शिक्षा विभाग के शिक्षकों के लिए शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना और वृहद बीमा सुरक्षा योजना को लॉन्च करेंगे। इस कार्यक्रम के बाद वे खेरिया एयरपोर्ट से मैनपुरी के लिए प्रस्थान करेंगे।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Jul 25, 2026, 16:25 IST
VIDEO: दो दिन के दौरे पर आगरा आएंगे सीएम, टाटा मैदान पर होगी जनसभा #SubahSamachar
