US Supreme Court on Trump Tariff: इंडिया पर भी लगेगा ट्रंप का 10% एक्स्ट्रा टैरिफ?
अमेरिकी राजनीति में टैरिफ को लेकर घमासान और तेज हो गया है। डोनाल्ड ट्रंप ने अमेरिकी सुप्रीम कोर्ट के हालिया फैसले के बाद कड़े तेवर दिखाते हुए सभी देशों पर 10 प्रतिशत अतिरिक्त वैश्विक टैरिफ लगाने का एलान कर दिया है। ट्रंप ने कहा कि वह धारा 122 के तहत नया कार्यकारी आदेश आज ही साइन करेंगे और यह टैरिफ पहले से वसूले जा रहे सामान्य शुल्कों के अतिरिक्त होगा। यह घोषणा ऐसे समय में हुई है जब 20 फरवरी 2026 को सुप्रीम कोर्ट ने ट्रंप के व्यापक वैश्विक टैरिफ को असंवैधानिक करार दिया था। अदालत ने कहा था कि राष्ट्रपति ने अपने अधिकार क्षेत्र से बाहर जाकर टैरिफ लगाए। इस फैसले को ट्रंप ने निराशाजनक बताते हुए कहा कि उनकी दलीलों को ठीक से नहीं सुना गया। उन्होंने कुछ जजों के रवैये पर भी सवाल उठाए और कहा कि अदालत का फैसला अमेरिका के हित में नहीं है। धारा 122 और 301 के तहत नई रणनीति ट्रंप ने स्पष्ट किया कि वह 1974 के व्यापार अधिनियम की धारा 122 का इस्तेमाल करेंगे, जो असंतुलित व्यापार की स्थिति में सीमित अवधि के लिए टैरिफ लगाने की अनुमति देती है। इसके साथ ही प्रशासन धारा 301 समेत अन्य प्रावधानों के तहत जांच प्रक्रियाएं शुरू कर रहा है, ताकि अमेरिका को कथित अनुचित व्यापारिक नीतियों से बचाया जा सके। राष्ट्रपति ने दोहराया कि उनका लक्ष्य “अमेरिका को फिर से महान बनाना” है और इसके लिए सख्त व्यापार नीति जरूरी है। उनके मुताबिक टैरिफ अमेरिकी उद्योगों और श्रमिकों की रक्षा का मजबूत हथियार है। उन्होंने कहा कि अगर एक रास्ता बंद होता है तो उनके पास अन्य विकल्प मौजूद हैं। भारत के साथ डील पर क्या असर ट्रंप ने साफ कहा कि सुप्रीम कोर्ट के फैसले के बावजूद भारत 18 प्रतिशत टैरिफ का भुगतान करता रहेगा। उन्होंने कहा कि अमेरिका-भारत अंतरिम व्यापार समझौते में कोई बदलाव नहीं होगा। इस समझौते के तहत वॉशिंगटन ने टैरिफ को 50 प्रतिशत से घटाकर 18 प्रतिशत किया था, जबकि नई दिल्ली ने अमेरिकी वस्तुओं पर शून्य टैरिफ लगाने पर सहमति दी। पत्रकारों से बातचीत में ट्रंप ने कहा, “कुछ नहीं बदलेगा। वे टैरिफ का भुगतान करेंगे और हम कोई टैरिफ नहीं देंगे। यह पहले की स्थिति का उलट है।” उन्होंने भारतीय प्रधानमंत्री की सराहना करते हुए कहा कि यह अमेरिका के लिए एक न्यायपूर्ण समझौता है। भारत-पाकिस्तान संदर्भ में बड़ा दावा ट्रंप ने यह भी दावा किया कि उन्होंने वैश्विक टैरिफ का इस्तेमाल भारत और पाकिस्तान के बीच संघर्ष रोकने के लिए किया। उनके मुताबिक, टैरिफ के जरिए उन्होंने अब तक आठ युद्ध समाप्त किए, जिनमें भारत-पाकिस्तान जैसी “न्यूक्लियर स्थिति” भी शामिल थी। उन्होंने कहा कि इन कदमों से लाखों लोगों की जान बची और अमेरिका की राष्ट्रीय सुरक्षा मजबूत हुई। सुप्रीम कोर्ट के फैसले पर अपनी नाराजगी दोहराते हुए ट्रंप ने कहा कि कुछ न्यायाधीशों में देशहित में सही निर्णय लेने का साहस नहीं था। अब नजर इस बात पर है कि नया कार्यकारी आदेश कानूनी चुनौती का सामना कैसे करेगा और वैश्विक व्यापार पर इसका क्या असर पड़ेगा।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Feb 21, 2026, 04:33 IST
US Supreme Court on Trump Tariff: इंडिया पर भी लगेगा ट्रंप का 10% एक्स्ट्रा टैरिफ? #World #TrumpTariffs #SupremeCourtRuling #UsSupremeCourt #UsSupremeCourtOnTrumpTariff #TrumpTariffsSupremeCourt #UsSupremeCourtRuling #Section301TradeAct #1930TariffAct #UsTariff #DonaldTrumpTariffs #SubahSamachar
