UP: "खाली स्कूलों में प्री-प्राइमरी पाठशालाएं संचालित होंगी..." शिक्षा मंत्री ने स्कूल बंद कराने पर दिया जवाब
यूपी के बेसिक शिक्षा राज्यमंत्री (स्वंतत्र प्रभार) संदीप सिंह ने सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव के बयान पर पलटवार करते हुए योगी सरकार में प्राथमिक शिक्षा में किए गए सुधारों की चर्चा की और कहा कि कम छात्र संख्या वाले विद्यालयों को पास के विद्यालयों में विलय किया जाएगा और रिक्त विद्यालयों में प्री-प्राइमरी पाठशालाएं संचालित की जाएंगी। प्री-प्राइमरी कक्षाओं का संचालन उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा पहली बार किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि नकल अध्यादेश लाकर शिक्षा व्यवस्था को पारदर्शी बनाया गया था जिसे पूर्ववर्ती सरकार ने रद्द कर दिया। उदाहरण के तौर पर पूर्ववर्ती सरकार के दौरान हुई विभिन्न परीक्षाओं में धांधली और पेपर लीक का जिक्र किया गया। बेसिक शिक्षा राज्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश का शिक्षा बजट पूर्ववर्ती सरकार के समय में 28,000 करोड़ रुपये था जो अब बढ़कर 1,13,000 करोड़ रुपये से अधिक हो गया है। सरकारी विद्यालयों में नामांकन 1.34 करोड़ से बढ़कर 1.90 करोड़ हो गया है। स्कूलों में ड्रॉपआउट दर 19 प्रतिशत से घटकर 3 प्रतिशत हो गई है। उन्होंने कहा कि पाठ्यक्रम को बेहतर बनाया गया है और ऑपरेशन कायाकल्प के तहत परिषदीय विद्यालयों में 19 विभिन्न पैरामीटर पर 36 प्रतिशत से 97 प्रतिशत तक सुधार किया गया है। बता दें कि सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने बयान दिया था कि यूपी में सबसे ज्यादा प्राइमरी स्कूल बंद हुए और गोरखपुर में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के क्षेत्र में 500 प्राइमरी स्कूल बंद हुए। आरक्षण भी इनके एजेंडे में नहीं है।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Jul 29, 2026, 10:13 IST
UP: "खाली स्कूलों में प्री-प्राइमरी पाठशालाएं संचालित होंगी..." शिक्षा मंत्री ने स्कूल बंद कराने पर दिया जवाब #CityStates #Lucknow #UttarPradesh #LucknowNews #UpNews #AkhileshYadav #SubahSamachar
