कुशीनगर: तमकुही रोड स्टेशन पर युवक को गोली मारने के दो आरोपी गोरखपुर से गिरफ्तार, ट्रेन से भागने की ताक में थे
तमकुही रोड रेलवे स्टेशन पर गोमती नगर एक्सप्रेस में सवार होने जा रहे राजन शर्मा को गोली मारकर जानलेवा हमला करने के मामले में जीआरपी ने दो नामजद आरोपियों को गिरफ्तार किया है। दोनों को 26 अक्तूबर को गोरखपुर रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर एक के पश्चिमी छोर से पकड़ा गया। पुलिस के मुताबिक, आरोपी ट्रेन पकड़कर दूसरे शहर या राज्य में भागने की फिराक में थे। पूछताछ में उन्होंने पुरानी रंजिश के चलते साथियों के साथ मिलकर वारदात को अंजाम देने की बात स्वीकार की है। इसके पहले एक आरोपी मुकेश को जीआरपी गिरफ्तार कर चुकी है,मुख्य आरोपी हिस्ट्रीशीटर आदर्श सिंह उर्फ बंटी समेत अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीम दबिश दे रही है। दौड़ाकर दाहिनी जांघ में पीछे से मारी थी गोली जीआरपी के अनुसार, 19 अक्तूबर की रात करीब 10:30 बजे राजन शर्मा अपने परिवार के साथ तमकुही रोड स्टेशन पर ट्रेन संख्या 15114 गोमती नगर एक्सप्रेस में यात्रा के लिए पहुंचे थे। इसी दौरान पहले से घात लगाए आरोपियों ने उन्हें घेर लिया। जान बचाने के लिए राजन ट्रेन में चढ़ने का प्रयास करने लगे तो आरोपियों ने दौड़ाकर उनकी दाहिनी जांघ में पीछे से गोली मार दी। वारदात के बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए। घायल को जिला अस्पताल कुशीनगर में भर्ती कराया गया था। पीड़ित के परिजन विनोद शर्मा की तहरीर पर जीआरपी गोरखपुर में जानलेवा हमले समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई थी। सोमवार को चेकिंग के दौरान मुखबिर से सूचना मिलने पर पुलिस ने गोविंद चौहान (25) और राजू यादव (21), निवासी दोमाठ, थाना तरयासुजान, कुशीनगर को गिरफ्तार कर लिया। दोनों पर दर्ज हैं कई केस पुलिस के मुताबिक, गोविंद पर तरयासुजान थाने में मारपीट और आर्म्स एक्ट के मुकदमे दर्ज हैं। वहीं, राजू के खिलाफ भी विभिन्न थानों में गोहत्या निवारण अधिनियम, पशु क्रूरता निवारण अधिनियम और गिरोहबंद अधिनियम समेत कई मामलों में मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस ने दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में जिला कारागार गोरखपुर भेज दिया गया।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Oct 26, 2026, 09:53 IST
कुशीनगर: तमकुही रोड स्टेशन पर युवक को गोली मारने के दो आरोपी गोरखपुर से गिरफ्तार, ट्रेन से भागने की ताक में थे #CityStates #Kushinagar #TamkuhiRoadRailwayStation #TwoAccusedArrested #GrpGorakhpur #AttemptedMurder #SubahSamachar
