Una News: जिले के आयुष वेलनेस केंद्रों में अग्निकर्म पद्धति से होगा उपचार

ऊना। जिले के आयुष वेलनेस केंद्रों में अब अग्निकर्म पद्धति से उपचार की सुविधा मिलेगी। इसके लिए सभी चयनित केंद्रों में आवश्यक उपकरण उपलब्ध कराए जाएंगे। इस पहल से मरीजों को अब उपचार के लिए जिला आयुर्वेदिक अस्पतालों व अन्य अस्पतालों का रुख नहीं करना पड़ेगा। आयुष विभाग के अनुसार अग्निकर्म पद्धति आयुर्वेद की एक प्रभावी चिकित्सा पद्धति है, जिसका उपयोग विशेष रूप से जोड़ों के दर्द, गठिया, सायटिका, मांसपेशियों के दर्द सहित कई पुरानी बीमारियों के उपचार में किया जाता है। सुविधा शुरू होने के बाद ग्रामीण और दूरदराज क्षेत्रों के मरीजों को अपने नजदीकी आयुष वेलनेस केंद्र पर ही उपचार मिल सकेगा। विभागीय अधिकारियों के अनुसार केंद्रों में तैनात चिकित्सकों व पैरामेडिकल स्टाफ को अग्निकर्म पद्धति से संबंधित प्रशिक्षण भी दिया गया है ताकि उपचार सुरक्षित और प्रभावी तरीके से किया जा सके। जल्द ही सभी आयुष वेलनेस केंद्रों में यह सुविधा चरणबद्ध तरीके से शुरू करने की योजना है। वर्तमान में यह सुविधा जिला आयुर्वेदिक अस्पताल ऊना, आयुर्वेदिक अस्पताल ओएल, आयुर्वेदिक अस्पताल ईसपुर, आयुर्वेदिक अस्पताल जोह, आयुर्वेदिक अस्पताल तलमेहड़ा है। इसके अलावा जिले में 51 आयुष वेलनेस सेंटर हैं। साथ ही 19 आयुर्वेदिक स्वास्थ्य केंद्र हैं। विभाग की तरफ से पहले आयुष वेलनेस केंद्राें में अग्निकर्म पद्धति को शुरू किया जाएगा। इसके बाद आयुर्वेदिक स्वास्थ्य केंद्रों में यह सुविधा शुरू होगी। इस पहल से आयुष सेवाओं को और मजबूत करने के साथ-साथ आम लोगों को घर के नजदीक बेहतर और सुलभ स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध हो। जिले के आयुष वेलनेस केंद्रों में अग्निकर्म पद्धति से उपचार की सुविधा को शुरू किया जाएगा। इसके लिए जल्द ही उपकरण भी मुहैया करवाए जाएंगे। -डाॅ. किरण शर्मा, जिला आयुष अधिकारी ऊना

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: Feb 09, 2026, 23:54 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »




Una News: जिले के आयुष वेलनेस केंद्रों में अग्निकर्म पद्धति से होगा उपचार #UnaNews #UnaTodayNews #UnaUpdate #SubahSamachar