Hapur News: सुबह आने वाली शटल पैसेंजर ट्रेन दोपहर में आई स्टेशन
हापुड़। ट्रेनों का संचालन सुधरने का नाम नहीं ले रहा है। सोमवार सुबह आने वाली शटल पैसेंजर ट्रेन छह घंटे की देरी से स्टेशन आई। ऐसे में गाजियाबाद, दिल्ली जाने वाले दैनिक यात्रियों को परेशानी झेलनी पड़ी। बुलंदशहर से चलकर तिलकब्रिज को जाने वाली शटल पैसेंजर ट्रेन सुबह 6:35 बजे हापुड़ रेलवे स्टेशन पहुंचती है। इससे शहर के साथ ही आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से दैनिक यात्री गाजियाबाद, साहिबाबाद और दिल्ली जाते हैं। सोमवार को यह ट्रेन छह घंटे की देरी से चलकर 12:35 बजे हापुड़ रेलवे स्टेशन आई। ऐसे में दैनिक रेल यात्रियों की परेशानी बढ़ गई और उन्हें अन्य ट्रेन व संसाधनों का सहारा लेना पड़ा।वहीं सहरसा जंक्शन से अमृतसर जंक्शन जाने वाली गरीब रथ एक्सप्रेस पांच घंटे 20 मिनट, धनबाद जंक्शन से चंडीगढ़ जंक्शन जाने वाली ग्रीष्मकालीन स्पेशल ट्रेन छह घंटे, लखनऊ से चलकर नई दिल्ली को जा रही ग्रीष्मकालीन स्पेशल ट्रेन चार घंटे, मुरादाबाद जंक्शन से गाजियाबाद जंक्शन जा रही मेमू ट्रेन तीन घंटे, प्रयागराज संगम से सहारनपुर को जाने वाली नौचंदी एक्सप्रेस दो घंटे 20 मिनट, बापूधाम मोतिहारी से आनंद विहार टर्मिनल जा रही चंपारण सत्याग्रह एक्सप्रेस एक घंटा 30 मिनट, आनंद विहार टर्मिनल से रक्सौल जंक्शन जाने वाली सत्याग्रह एक्सप्रेस एक घंटे की देरी से आई। ट्रेनों की लेटलतीफी से रेल यात्रियों को परेशानी झेलनी पड़ी।मुरादाबाद रेल मंडल के वरिष्ठ वाणिज्य प्रबंधक महेश यादव का कहना है कि ट्रेनों का संचालन पीछे से ही देरी से होने के कारण गंतव्य को भी देरी से पहुंच रही हैं। सुधार के प्रयास जारी हैं।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Jun 01, 2026, 17:52 IST
Hapur News: सुबह आने वाली शटल पैसेंजर ट्रेन दोपहर में आई स्टेशन #HapurNews #SubahSamachar
