Yamuna Nagar News: एसडीएम ने बाढ़ संभावित क्षेत्रों का निरीक्षण कर लिया जायजा
व्यासपुर। उपमंडल अधिकारी डॉ. कुलदीप सिंह ने बुधवार को बाढ़ संभावित क्षेत्रों का दौरा कर विभिन्न विभागों की ओर से किए जा रहे बाढ़ सुरक्षा, डिवॉटरिंग और विकास कार्यों की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने गांव खन्नूवाला, मलिकपुर बांगर, चिंतपुर और जैतपुर सहित कई गांवों का निरीक्षण किया।निरीक्षण के दौरान गांव खन्नूवाला और चिंतपुर में स्टोन स्टड के लंबित कार्यों की प्रगति संतोषजनक नहीं मिलने पर संबंधित विभागों को मानसून से पहले इन्हें पूरा करने के निर्देश दिए। वहीं, गांव मलिकपुर बांगर में प्रस्तावित पंप हाउस का निरीक्षण कर कार्यों में आवश्यक सुधार करने के निर्देश जारी किए गए। इस दौरान गांव जैतपुर में ताजा अवैध खनन गतिविधि सामने आई, जिस पर एसडीएम ने कड़ा संज्ञान लिया। मौके पर मौजूद सिंचाई विभाग के अधिकारियों ने बताया कि खनन वन विभाग की भूमि पर किया जा रहा है। निरीक्षण में यह भी पाया गया कि अवैध खनन से बिजली के खंभों को नुकसान पहुंच रहा है। एसडीएम डॉ. कुलदीप सिंह ने संबंधित विभागों को अवैध खनन में संलिप्त लोगों के खिलाफ कार्रवाई करने के आदेश दिए। वहीं, अधिकारियों और कर्मचारियों की जिम्मेदारी तय कर आवश्यक अनुशासनात्मक कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा। संवाद
- Source: www.amarujala.com
- Published: Jun 11, 2026, 01:07 IST
Yamuna Nagar News: एसडीएम ने बाढ़ संभावित क्षेत्रों का निरीक्षण कर लिया जायजा #TheSDMInspectedFlood-proneAreasAndTookStockOfTheSituation. #SubahSamachar
