लूट का खुलासा: पड़ोसी ने रिश्तेदार संग रची साजिश, दो गिरफ्तार

धौलाना। थाना क्षेत्र के गांव लालपुर-सौलाना में युवक के रिश्तेदार ने साथियों के साथ मिलकर अगवा कर उसके खाते से सात हजार रुपये ट्रांसफर कर पांच हजार की नकदी लूट ली। मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। उनके कब्जे से तमंचा, कारतूस, घटना में प्रयुक्त बाइक और लूटी गई नकदी बरामद हुई है।सीओ अनीता चौहान ने बताया कि गांव लालपुर-सौलाना निवासी अबरार ने कुछ समय पहले अपनी जमीन बेची थी। जमीन खरीदने के बाद उसके बैंक खाते में करीब चार लाख रुपये शेष थे। कम पढ़ा-लिखा होने के कारण अबरार को बैंकिंग की ज्यादा जानकारी नहीं थी। उसके खाते में रकम होने की जानकारी गांव के ही फजरु को थी।आरोप है कि फजरु ने अपने रिश्तेदार इमरान निवासी कलछीना, थाना भोजपुर (गाजियाबाद) को बुलाकर अबरार को लूटने की योजना बनाई। शनिवार देर रात खेतों की ओर गए अबरार को आरोपियों ने दबोच लिया। उसका मोबाइल फोन कब्जे में लेकर मारपीट की गई और खाते से रकम ट्रांसफर कराने का प्रयास किया गया।पुलिस के अनुसार आरोपियों ने पहले दो लाख रुपये, फिर एक लाख रुपये और बाद में 70 हजार रुपये ट्रांसफर करने की कोशिश की, लेकिन खाते की लेन-देन सीमा के कारण रकम स्थानांतरित नहीं हो सकी। हालांकि इस दौरान सात हजार रुपये ट्रांसफर हो गए। इसके अलावा आरोपियों ने पांच हजार रुपये नकद भी लूट लिए। विरोध करने पर जान से मारने की धमकी दी और पूरी रात उसे अपने साथ इधर-उधर घुमाते रहे। मौका मिलने पर अबरार उनके चंगुल से भाग निकला और घर पहुंचकर परिजनों को घटना की जानकारी दी। शिकायत मिलने पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। सोमवार को पुलिस ने दोनों आरोपियों को दबोचकर लूटी गई रकम में से दो हजार रुपये भी बरामद कर लिए।

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: Jun 01, 2026, 22:21 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »

Read More:
Hapur news



लूट का खुलासा: पड़ोसी ने रिश्तेदार संग रची साजिश, दो गिरफ्तार #HapurNews #SubahSamachar