Kangra News: धरना-प्रदर्शन पर प्राथमिक शिक्षक संघ के अध्यक्ष और महासचिव को नोटिस
धर्मशाला। उप निदेशक प्रारंभिक शिक्षा कार्यालय धर्मशाला के परिसर में 21 अक्तूबर को हुए धरना-प्रदर्शन के मामले में शिक्षा विभाग ने सख्ती दिखाई है।विभाग ने राजकीय प्राथमिक शिक्षक संघ कांगड़ा के अध्यक्ष कुलदीप पठानिया और महासचिव दिनेश सिंह राणा को कारण बताओ नोटिस जारी कर पांच दिन के भीतर स्पष्टीकरण देने के निर्देश दिए हैं।नोटिस में छह बिंदुओं पर जवाब मांगते हुए प्रदर्शन की अनुमति से लेकर कार्यालय कर्मचारियों पर लगाए गए आरोपों के आधार तक पर सवाल उठाए गए हैं। विभाग की आपत्ति मुख्य रूप से धरना-प्रदर्शन के लिए सक्षम अधिकारी से ली गई लिखित अनुमति की प्रमाणित प्रति निर्धारित समय में कार्यालय में जमा न करवाने को लेकर है।नियमानुसार अनुमति पत्र पांच दिन के भीतर संबंधित खंड प्रारंभिक शिक्षा अधिकारी के माध्यम से उप निदेशक कार्यालय में उपलब्ध करवाना आवश्यक था। विभाग के अनुसार, निर्धारित प्रक्रिया के बावजूद इसकी प्रमाणित प्रति कार्यालय को नहीं सौंपी गई।नोटिस में संघ पदाधिकारियों से पूछा गया है कि धरना-प्रदर्शन की अनुमति किस सक्षम अधिकारी से और किन आधारों पर प्राप्त की गई थी। इसकी सूचना संबंधित कार्यालय को समय पर क्यों नहीं दी गई, इसका भी स्पष्टीकरण मांगा गया है।इसके अलावा प्रदर्शन के दौरान कार्यालय में कार्यरत कर्मचारियों के खिलाफ लगाए गए गंभीर आरोपों को लेकर भी विभाग ने जवाब तलब किया है। संघ से इन आरोपों के समर्थन में साक्ष्य प्रस्तुत करने, लिखित कार्यों से संबंधित शिकायतों का विस्तृत ब्योरा देने और जरूरी अभिलेख संबंधित खंड प्रारंभिक शिक्षा अधिकारी के माध्यम से उपलब्ध करवाने को कहा गया है।डिप्टी डायरेक्टर प्रारंभिक शिक्षा विभाग बलविंद्र सिंह गुलेरिया ने नोटिस जारी किए जाने की पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि निर्धारित अवधि में संतोषजनक स्पष्टीकरण नहीं मिलने पर संघ और संबंधित पदाधिकारियों के खिलाफ नियमानुसार आगामी अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Nov 05, 2026, 17:49 IST
Kangra News: धरना-प्रदर्शन पर प्राथमिक शिक्षक संघ के अध्यक्ष और महासचिव को नोटिस #NoticeIssuedToThePresidentAndGeneralSecretaryOfThePrimaryTeachers'AssociationRegardingTheProtestDemonstration #SubahSamachar
