Delhi NCR News: आरएमएल अस्पताल में नई ओपीडी सेवाएं
सुपर स्पेशियलिटी ब्लॉक की आठवीं और नौवीं मंजिल पर मिलेंगी सुविधाएं, कई विभागों की ओपीडी होंगी स्थानांतरितअमर उजाला ब्यूरोनई दिल्ली। अटल बिहारी वाजपेयी आयुर्विज्ञान संस्थान एवं डॉ. राम मनोहर लोहिया अस्पताल (आरएमएल) में बुधवार से नई ओपीडी सेवाएं शुरू होंगी। मरीजों को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से सुपर स्पेशियलिटी ब्लॉक (एसएसबी) की आठवीं और नौवीं मंजिल पर विभिन्न सुपर स्पेशियलिटी विभागों की ओपीडी संचालित की जाएंगी। अस्पताल प्रशासन ने संबंधित विभागों को स्थानांतरण की तैयारियां पूरी करने और आपसी समन्वय से सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।आठवीं मंजिल पर इन विभागों की ओपीडीएसएसबी की आठवीं मंजिल पर कार्डियोलॉजी, पीडियाट्रिक कार्डियोलॉजी, पीडियाट्रिक सर्जरी, न्यूरोलॉजी और न्यूरोसर्जरी की ओपीडी संचालित होंगी। इसके अलावा मेडिकल ऑन्कोलॉजी, सर्जिकल ऑन्कोलॉजी, रेडियोथेरेपी, एंडोक्राइनोलॉजी, कार्डियोथोरेसिक एवं वैस्कुलर सर्जरी (सीटीवीएस) और कार्डियक एनेस्थीसिया विभाग की सेवाएं भी उपलब्ध रहेंगी। यहां पेन क्लीनिक, पैलिएटिव केयर और पीएसी क्लीनिक भी निर्धारित रोस्टर के अनुसार संचालित किए जाएंगे।नौवीं मंजिल पर मिलेंगी सुपर स्पेशियलिटी सेवाएंनौवीं मंजिल पर यूरोलॉजी, ट्रांसप्लांट, नेफ्रोलॉजी, गैस्ट्रोएंटेरोलॉजी और हेपेटोलॉजी विभागों की ओपीडी होंगी। इसके साथ ही लिवर क्लीनिक, आईबीडी क्लीनिक और पैंक्रियाटिको-बिलियरी क्लीनिक भी संचालित किए जाएंगे। बर्न एवं प्लास्टिक सर्जरी, हैंड सर्जरी तथा क्लेफ्ट एवं मैक्सिलोफेशियल सर्जरी की सुविधाएं भी इसी मंजिल पर मिलेंगी। नेफ्रोलॉजी विभाग की डायलिसिस यूनिट को भी एसएसबी में स्थानांतरित किया जाना है।पंजीकरण के लिए अतिरिक्त काउंटरमरीजों की सुविधा के लिए मौजूदा ओपीडी पंजीकरण काउंटर के अलावा एसएसबी के भूतल पर नया पंजीकरण काउंटर बनाया गया है। यहां कर्मचारियों की तैनाती की जाएगी। अस्पताल प्रशासन ने नई व्यवस्था को सुचारु रूप से संचालित करने के लिए नर्सिंग, सुरक्षा और सफाई कर्मचारियों को भी आवश्यक तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए हैं।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Oct 27, 2026, 20:06 IST
Delhi NCR News: आरएमएल अस्पताल में नई ओपीडी सेवाएं #NewOPDServicesAtRMLHospital #SubahSamachar
