Hapur: पिलखुवा में डिलीवरी के दौरान जच्चा-बच्चा की मौत, परिजनों ने अस्पताल में किया हंगामा
पिलखुवा कोतवाली क्षेत्र के हाइवे स्थित एक अस्पताल में प्रसव के दौरान 25 वर्षीय महिला और उसके नवजात की मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों ने अस्पताल में हंगामा किया। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति की जानकारी ली। अभी तक किसी पक्ष की ओर से कोई शिकायत नहीं दी गई थी। धौलाना कस्बा निवासी ज्योति को सोमवार को प्रसव के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया था। प्रसव के दौरान नवजात की मौत हो गई। इसके बाद उपचार के दौरान महिला ने भी दम तोड़ दिया। जच्चा-बच्चा दोनों की मौत की सूचना मिलते ही परिजन अस्पताल पहुंच गए और नाराजगी जताई। घटना के बाद अस्पताल परिसर में तनावपूर्ण स्थिति बन गई। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर काफी संख्या में पुलिस बल भी पहुंच गया और लोगों को समझा बुझाकर मामला शांत कराया। महिला मूल रूप से फतेहगढ़ शिकारपुर क्षेत्र की निवासी थी और गौरव से विवाह के बाद धौलाना कस्बे में रह रही थी। उसके पति एक निजी कंपनी में नौकरी करते हैं। परिवार में चार वर्ष की एक पुत्री है। अचानक हुई घटना से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। सीओ अनीता चौहान ने बताया कि मामले की जानकारी की गई है। अभी तक कोई शिकायत प्राप्त नहीं हुई है। शिकायत मिलने पर जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Jun 15, 2026, 13:58 IST
Hapur: पिलखुवा में डिलीवरी के दौरान जच्चा-बच्चा की मौत, परिजनों ने अस्पताल में किया हंगामा #CityStates #Hapur #HapurCrime #HapurPolice #HapurHindiNews #SubahSamachar
