हिमाचल: गुम्मा में पानी पीने रुके श्रद्धालुओं पर गिरी चट्टान, महिला की मौत; मां सिमसा मंदिर जा रहा था परिवार
मंडी जिले के जोगिंद्रनगर उपमंडल के गुम्मा क्षेत्र में शुक्रवार सुबह दर्दनाक हादसा हो गया। कुल्लू से मां सिमसा मंदिर के दर्शन के लिए जा रहा एक परिवार रास्ते में पानी पीने के लिए रुका था। इसी दौरान पहाड़ी से अचानक चट्टान गिर गई, जिसकी चपेट में आने से एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई। मृतका की पहचान रामेश्वरी शर्मा, पत्नी गोपालकृष्ण, निवासी सुल्तानपुर (कुल्लू) के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार परिवार दो वाहनों में सवार होकर मां सिमसा मंदिर जा रहा था। सुबह करीब 10 बजे गुम्मा के पास सभी लोग पानी पीने के लिए रुके थे। तभी ऊपर से अचानक चट्टान गिर गई और रामेश्वरी शर्मा इसकी चपेट में आ गईं। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंचीं। शव को कब्जे में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। प्रशासन के ताजा अपडेट के अनुसार इस हादसे में अन्य कोई व्यक्ति घायल नहीं हुआ है।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Jul 24, 2026, 10:51 IST
हिमाचल: गुम्मा में पानी पीने रुके श्रद्धालुओं पर गिरी चट्टान, महिला की मौत; मां सिमसा मंदिर जा रहा था परिवार #CityStates #Mandi #Shimla #HimachalPradesh #MandiAccidentNews #JogindernagarNews #GummaAccident #RockfallHimachal #LandslideNews #HimachalAccident #SubahSamachar
